Godda News: गोड्डा जिले के राजाभीठा थाना क्षेत्र के केडोबाजार में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। मिट्टी लदे ट्रैक्टर की चपेट में आने से 12 वर्षीय बच्चे पंकज की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों ने मौके पर पहुंची पुलिस का विरोध किया और जमकर नाराजगी जताई।
ग्रामीणों के अनुसार, मिट्टी ढुलाई में लगे एक ट्रैक्टर ने बच्चे को अपनी चपेट में ले लिया। ट्रैक्टर के नीचे कुचलने से उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए।
मौके पर पहुंची पुलिस को ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा। इस दौरान पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच कहासुनी भी हुई। आक्रोशित ग्रामीणों ने मांग की कि पुलिस अधीक्षक स्वयं घटनास्थल पर पहुंचें और मामले में जिम्मेदारी तय करें।
ग्रामीणों का आरोप है कि हादसे के बाद भी ट्रैक्टर चालक और ट्रैक्टर मालिक विजय मंडल की गिरफ्तारी नहीं हुई है। उन्होंने दोनों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने और क्षेत्र में चल रहे कथित अवैध मिट्टी ढुलाई के पूरे नेटवर्क की जांच कराने की मांग की।
इस घटना ने इलाके में अवैध खनन और मिट्टी ढुलाई पर प्रशासनिक निगरानी को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि क्षेत्र में अवैध कारोबार की शिकायतें पहले से मिल रही थीं, तो समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं की गई?
12 साल के मासूम की मौत के बाद अब ग्रामीण दोषियों पर कार्रवाई के साथ-साथ अवैध मिट्टी ढुलाई पर रोक लगाने की मांग कर रहे हैं। फिलहाल घटना के बाद क्षेत्र में तनाव और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।


