रांची: झारखंड स्थापना दिवस और भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर 15 नवंबर को राजधानी रांची में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। आदिवासी अधिकार संरक्षण समिति की ओर से जेल पार्क संग्रहालय में धरती आबा को श्रद्धांजलि देने की तैयारी की गई है। समिति की निरंजना हेरेंज ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 11 बजे भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ होगी। इसके बाद प्रतिमा के सामने 51 दीप जलाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी जाएगी।

माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के बाद जेल पार्क से कोकर होते हुए भगवान बिरसा मुंडा के समाधि स्थल तक पदयात्रा निकाली जाएगी। इस पदयात्रा में आदिवासी प्रतिनिधियों समेत सैकड़ों लोग शामिल होंगे। उनके हाथों में पोस्टर, बैनर और फ्लैक्स होंगे, जिन पर आदिवासी समाज से जुड़े विभिन्न मुद्दों और उनके समाधान की मांग को लेकर नारे लिखे रहेंगे। कार्यक्रम में निरंजना हेरेंज, कुंदरसी मुंडा, हर्षिता मुंडा, बसंत लकड़ा, कुमदनी लकड़ा और राजेश लिंडा समेत सैकड़ों आदिवासी प्रतिनिधि शामिल होंगे।



