कोडरमा : कोडरमा जिले के सदर थाना क्षेत्र में चोरों ने एक ही रात तीन घरों को निशाना बनाया। घटना नगरखारा के कलाली रोड की है। शनिवार की अहले सुबह करीब 3 बजे अज्ञात चोरों ने तीन घरों में चोरी का प्रयास किया। इस दौरान एक महिला पर हमला भी किया गया।

पीड़िता अनिता देवी ने बताया कि वह अपने कमरे में सो रही थीं। तभी एक चोर कमरे में घुस आया और उनका मुंह दबा दिया। इसी बीच उनका बेटा जाग गया। उसकी आहट सुनकर चोर धारदार चाकू छोड़कर फरार हो गया।

वहीं, बंटी राणा के घर से सूटकेस गायब मिला। बाद में वह घर के पीछे खेत में मिला, जिसमें रखे नए कपड़े और 5 हजार रुपये चोरी हो गए। पड़ोसी विशाल सिंह ने भी एक चोर को घर में देखा, जो छत से कूदकर भाग निकला। घटना के बाद मोहल्ले में दहशत है। लोगों ने पुलिस से गश्ती बढ़ाने की मांग की है। सूचना पर पहुंची पुलिस जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।


