जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले में वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। जादूगोड़ा और धालभूमगढ़ थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चोरी की 10 स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की हैं। इस मामले में छह युवकों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। इनमें पांच विधि-विरुद्ध किशोर शामिल हैं।

यह कार्रवाई जिले के वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. ऐहतेशाम वकारिब के निर्देश पर की गई। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को वाहन चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने और इसमें शामिल लोगों की पहचान कर कार्रवाई करने का आदेश दिया था।

इसके बाद दोनों थानों की विशेष टीम ने छापेमारी और वाहन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान चोरी की मोटरसाइकिलों का पता चला। पुलिस ने सभी 10 बाइक जब्त कर ली हैं। मामले में गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि पांच किशोरों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई है।


