

रांची: झारखंड विधानसभा का 26वां स्थापना दिवस समारोह आगामी 22 नवंबर को आयोजित किया जायेगा। इस बार समारोह को सादगीपूर्ण तरीके से मनाने का निर्णय लिया गया है। राज्य में हाल के दिनों में राजनीतिक क्षेत्र से जुड़ी कई हस्तियों के निधन और शोक की स्थिति को देखते हुए कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां नहीं होंगी। हालांकि, उत्कृष्ट विधायक और बेहतर कार्य करने वाले विधानसभा कर्मियों को सम्मानित किया जायेगा। समारोह के सभी कार्यक्रम विधानसभा के सेंट्रल हॉल में आयोजित होंगे।
इस संबंध में विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने मंगलवार को लोकभवन में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने राज्यपाल को 22 नवंबर को होने वाले स्थापना दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होने का निमंत्रण दिया।
समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो सहित सत्ता पक्ष और विपक्ष के विधायक एवं पूर्व विधायक भी शामिल होंगे।
26 साल में मजबूत हुई झारखंड विधानसभा की पहचान
विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने कहा कि झारखंड विधानसभा ने अपने 26 वर्षों के सफर में काफी परिपक्वता हासिल की है। आज सदन की कई गतिविधियों और कार्यक्रमों की देशभर में सराहना हो रही है। राज्य गठन के आंदोलन से जुड़े सपनों को साकार करने की दिशा में लगातार प्रयास किये जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि विधानसभा के शुरुआती दौर में राजनीतिक अस्थिरता के कारण विकास की रफ्तार प्रभावित हुई थी। हालांकि, बाद के वर्षों में विकास कार्यों में तेजी आयी है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में झारखंड देश के अग्रणी राज्यों में अपनी पहचान बनायेगा।
इस आधार पर चुने जाते हैं उत्कृष्ट विधायक
विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि उत्कृष्ट विधायक के चयन के लिए एक विशेष समिति गठित की जाती है। इसमें पूर्व विधानसभा अध्यक्ष, अनुभवी एवं वरिष्ठ विधायक, नेता प्रतिपक्ष, वरिष्ठ पत्रकार और विधानसभा सचिवालय के प्रतिनिधि शामिल रहते हैं।
विधायक के पूरे साल के कामकाज, सदन की कार्यवाही में योगदान तथा विधायी और संवैधानिक मर्यादाओं के पालन को चयन का आधार बनाया जाता है।


