टंडवा में एनटीपीसी की परियोजना में हादसा, तीन मजदूरों की मौत, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जताया शोक

चतरा के टंडवा स्थित एनटीपीसी परियोजना में निर्माणाधीन कन्वेयर बेल्ट पर बड़ा हादसा हुआ। तीन मजदूरों की मौत की सूचना है, जबकि कई घायल हैं। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जताया शोक।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

चतरा : जिले के टंडवा में स्थित एनटीपीसी के उत्तरी कर्णपुरा मेगा विद्युत ताप परियोजना की निर्माणाधीन कन्वेयर बेल्ट में एक बड़ी दुर्घटना हुई है। बुधवार को करीब 11:45 बजे यह घटना हुई है। इस दुर्घटना में घटनास्थल पर ही तीन मजदूरों की मौत होने की सूचना है, जबकि कई अन्य मजदूर घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को तत्काल इलाज के लिए टंडवा स्थित संजीवनी हास्पिटल में भर्ती कराया गया है।

घटना के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। थाना प्रभारी विपिन कुमार ने बताया कि फिलहाल मृतकों की संख्या स्पष्ट नहीं हो पाई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा एनटीपीसी के सीएचपी जेएच-1 लोकेशन पर हुआ, जहां कन्वेयर बेल्ट निर्माण का कार्य चल रहा था। इधर, हादसे के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने घटना पर शोक जताया है। उन्होंने अपने शोक संदेश में कहा है कि चतरा स्थित एनटीपीसी में हुई दुर्घटना में जनहानि की खबर अत्यंत दुःखद है। इस हादसे में प्रभावित लोगों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। जिला प्रशासन द्वारा घायलों को हर संभव चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। संबंधित अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। मारांग बुरु दिवंगत लोगों की आत्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य और संबल प्रदान करें। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।