चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या 29 प्रतिशत बढ़ी, मौत में 63 फीसदी का इजाफा

चारधाम और हेमकुंड साहिब यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या 29 प्रतिशत बढ़कर 65.65 लाख पहुंची। वहीं, मौतों के मामलों में 63 प्रतिशत की बढ़ोतरी ने चिंता बढ़ाई।

4 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

देहरादून: वर्ष 2026 में चारधाम और हेमकुंड साहिब के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 29 प्रतिशत बढ़कर 65.65 लाख से अधिक हो गई, लेकिन इस दौरान तीर्थयात्रियों की मौत के मामलों में भी 63 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। देहरादून स्थित एक गैर-सरकारी संगठन के विश्लेषण में यह जानकारी सामने आई है। सामाजिक एवं पर्यावरणीय क्षेत्र में काम करने वाले एसडीसी फाउंडेशन के विश्लेषण के मुताबिक, इस साल पांचों धार्मिक स्थलों पर कुल 65,65,197 श्रद्धालु पहुंचे, जबकि 2025 में यह संख्या 51,07,346 थी। इस तरह श्रद्धालुओं की संख्या में 14,57,851 की वृद्धि हुई। इस साल सबसे अधिक 23,49,345 श्रद्धालु बदरीनाथ पहुंचे। इसके बाद केदारनाथ में 19,33,138, गंगोत्री में 10,07,177, यमुनोत्री में 8,84,841 और हेमकुंड साहिब में 3,90,696 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।

राज्य सरकार के दैनिक बुलेटिन के आधार पर किए गए विश्लेषण में पाया गया कि सभी पांचों धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ी, हालांकि वृद्धि की दर अलग-अलग रही। एसडीसी फाउंडेशन के प्रवीण उप्रेती और संस्थापक अनूप नौटियाल ने आंकड़ों का संकलन किया। बदरीनाथ और हेमकुंड साहिब में श्रद्धालुओं की संख्या में सबसे अधिक 42-42 प्रतिशत की वृद्धि हुई। यमुनोत्री में यह वृद्धि 37 प्रतिशत और गंगोत्री में 33 प्रतिशत रही, जबकि केदारनाथ में सबसे कम नौ प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

विश्लेषण में श्रद्धालुओं की मौत के मामलों में 63 प्रतिशत वृद्धि पर भी चिंता जताई गई है। वर्ष 2025 में 182 श्रद्धालुओं की मौत हुई थी, जबकि इस साल यह संख्या बढ़कर 297 हो गई। इनमें स्वास्थ्य संबंधी प्राकृतिक कारणों से हुई मौतें सबसे अधिक थीं, जिनकी संख्या 159 से बढ़कर 288 हो गई। यह 81 प्रतिशत की वृद्धि है। एसडीसी फाउंडेशन के संस्थापक अनूप नौटियाल ने मौतों में हुई इस बढ़ोतरी पर चिंता जताते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं की व्यापक समीक्षा की जरूरत बताई।

ALSO READ: उत्तर प्रदेश में चुनावी तैयारियों का जायजा लेने 19 नवंबर को आगरा पहुंचेगी निर्वाचन आयोग की टीम

उन्होंने कहा कि केदारनाथ और बदरीनाथ में ही इस साल स्वास्थ्य संबंधी कारणों से 229 श्रद्धालुओं की मौत होना विशेष रूप से चिंताजनक है। नौटियाल ने यात्रा मार्गों पर चिकित्सा सुविधाओं, आपातकालीन सेवाओं, स्वास्थ्य जांच और निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यात्रियों की संख्या के प्रबंधन के साथ-साथ उनकी सुरक्षा, बेहतर तैयारी और समय पर चिकित्सा सहायता को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। इस साल 14 नवंबर तक यात्रा मार्गों पर वाहनों की आवाजाही में भी 30 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हुई। वर्ष 2025 में 5,14,016 वाहनों की आवाजाही दर्ज की गई थी, जो इस साल बढ़कर 6,68,877 हो गई। इस तरह वाहनों की संख्या में 1,54,861 का इजाफा हुआ।

नौटियाल ने कहा कि वाहनों की बढ़ती संख्या से यात्रा मार्गों के बुनियादी ढांचे, सड़कों, यातायात प्रबंधन और स्वास्थ्य सेवाओं पर दबाव बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि इन आंकड़ों से स्पष्ट है कि सुरक्षित चारधाम यात्रा के लिए सुरक्षा उपायों को मजबूत करने, यातायात व्यवस्था में सुधार करने और आंकड़ों पर आधारित समन्वित प्रबंधन की तत्काल जरूरत है।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।