रांची : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में मंगलवार को झारखंड मंत्रिपरिषद की बैठक हुई। बैठक में सरकार ने कुल 41 प्रस्तावों को मंजूरी दी। कैबिनेट के फैसलों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, पुलिस व्यवस्था, रोजगार और आपदा प्रबंधन से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव शामिल हैं।

कैबिनेट ने राज्य के संबंधित संवर्ग के कर्मचारियों को बड़ी राहत देते हुए उनके वेतनमान में बढ़ोतरी के प्रस्ताव को स्वीकृति दे दी है। नए फैसले के तहत अब तक मिल रहे 1900 ग्रेड पे को अपग्रेड कर 2400 ग्रेड पे अनुमान्य किया गया है। इस निर्णय से लंबे समय से वेतन विसंगति दूर करने की मांग कर रहे कर्मचारियों को सीधा आर्थिक लाभ मिलेगा।

इसी के साथ ही उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कैबिनेट ने पलामू जिले के लिए एक बड़ी योजना को मंजूरी दी है। नीलांबर-पीतांबर विश्वविद्यालय, पलामू के अंतर्गत विश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र में नए डिग्री महाविद्यालय (विश्रामपुर, पलामू) के निर्माण कार्य के लिए 37 करोड़ 36 लाख रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है।
इस कॉलेज के निर्माण से पलामू और आसपास के ग्रामीण इलाकों के छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।


