रांची: राजधानी रांची में पैसों के विवाद ने एक युवक की जान ले ली। सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के इंद्रपुरी रोड नंबर-1 में बुधवार देर रात बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर छोटू महतो उर्फ मिथिलेश की हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी समेत अन्य लोगों की तलाश जारी है।

क्या है पूरा मामला?
स्थानीय लोगों के मुताबिक धुर्वा निवासी अभिषेक उर्फ लल्लू और इंद्रपुरी निवासी विकास महतो के बीच पैसों को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते बुधवार देर रात अभिषेक अपने कुछ साथियों के साथ विकास महतो के घर पहुंचा। बताया जा रहा है कि घर का मुख्य दरवाजा बंद होने के कारण आरोपी अंदर नहीं जा सके। इसके बाद उन्होंने बाहर से ही फायरिंग शुरू कर दी। इसी दौरान चली एक गोली छोटू महतो को लग गई। गोली लगते ही वह मौके पर गिर पड़ा और घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

एक गिरफ्तार, मुख्य आरोपी की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही सुखदेवनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। वहीं, मुख्य आरोपी अभिषेक उर्फ लल्लू समेत घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। कोतवाली एएसपी निखिल राय ने बताया कि बुधवार देर रात एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या की गई है। शुरुआती जांच में हत्या की वजह पैसों का विवाद सामने आया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई जारी है।


