जमशेदपुर: टाटा स्टील ने अपने कर्मचारियों के परिवारों को रोजगार का अवसर देने वाली अर्ली सेपरेशन स्कीम (ESS) को एक बार फिर शुरू किया है। कंपनी ने इस योजना को ‘सुनहरे भविष्य की योजना 4.0’ नाम दिया है। इसके तहत पात्र कर्मचारियों के स्वैच्छिक रूप से कंपनी से अलग होने पर उनके आश्रितों को टाटा स्टील की सहयोगी इकाई टाटा स्टील टेक्निकल सर्विसेज लिमिटेड (TSTSL) में नौकरी पाने या प्रशिक्षण प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।

कंपनी की ओर से जारी सर्कुलर के अनुसार, यह योजना 15 दिसंबर 2026 तक लागू रहेगी। इसके तहत निर्धारित शर्तों के अनुसार कर्मचारी स्वेच्छा से कंपनी छोड़ने का विकल्प चुन सकते हैं। बदले में उनके आश्रितों को रोजगार अथवा प्रशिक्षण का अवसर दिया जाएगा l

यह योजना जमशेदपुर संगठन के सभी यूनियनकृत कर्मचारियों पर लागू होगी। इसमें ट्यूब्स डिवीजन के कर्मचारी भी शामिल हैं। हालांकि, नए ग्रेड सिस्टम में ब्लॉक-3 और उससे ऊपर के अधिकारी एवं कर्मचारी इस योजना के पात्र नहीं होंगे l योजना के तहत पात्र कर्मचारियों के आश्रितों को TSTSL में उपलब्ध रिक्तियों के आधार पर तकनीकी कार्यों में नियुक्ति का अवसर दिया जाएगा। इसमें क्रेन ऑपरेशन, लोको ऑपरेशन और HEMM ऑपरेशन जैसे क्षेत्र शामिल हैं।
चयनित आश्रितों को संबंधित कार्यक्षेत्र में व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण अवधि के दौरान निर्धारित दर के अनुसार मासिक स्टाइपेंड भी मिलेगा। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद अभ्यर्थियों को मूल्यांकन परीक्षा देनी होगी। परीक्षा में सफल उम्मीदवारों को उपलब्ध रिक्तियों के अनुसार नौकरी दी जाएगी। पहले मूल्यांकन में असफल होने वाले अभ्यर्थियों को SNTI की ओर से एक अतिरिक्त पूरक परीक्षा का अवसर मिलेगा। दोनों प्रयासों में असफल रहने या बीच में प्रशिक्षण छोड़ने पर नौकरी पाने का विकल्प समाप्त हो जाएगा।
जो आश्रित सीधे नौकरी या निर्धारित प्रशिक्षण के लिए चयनित नहीं हो पाएंगे अथवा इस विकल्प को नहीं चुनेंगे, उनके लिए ट्रेड अप्रेंटिस और डिप्लोमा प्रशिक्षण का विकल्प भी उपलब्ध रहेगा। इसके लिए निर्धारित पात्रता एवं चयन संबंधी नियम लागू होंगे।
योजना के तहत आवेदन करने वाले कर्मचारियों की कार्यमुक्ति की प्रक्रिया 14 फरवरी 2027 तक पूरी की जाएगी। अधिकतम 15 फरवरी 2027 तक उन्हें कंपनी से अलग कर दिया जाएगा। टाटा स्टील की इस पहल का उद्देश्य पात्र कर्मचारियों के आश्रितों को तकनीकी प्रशिक्षण और रोजगार का अवसर उपलब्ध कराना है।


