

1952 से शुरू हुआ था सार्वजनिक जीवन का सफर
महावीर लाल विश्वकर्मा का जन्म 1 जनवरी 1936 को हजारीबाग के नूरा मोहल्ले में हुआ था। वह एक राजनीतिज्ञ होने के साथ-साथ शिक्षाविद् भी थे। वर्ष 1952 में वह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से जुड़े थे और हजारीबाग में संघ के संस्थापक सदस्यों में उनकी गिनती होती थी।
1996 में बने थे हजारीबाग के सांसद
महावीर लाल विश्वकर्मा ने वर्ष 1996 में 11वीं लोकसभा के चुनाव में हजारीबाग संसदीय क्षेत्र से जीत दर्ज की थी। उन्होंने 1996 से 1998 तक सांसद के रूप में क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। इससे पहले वह बिहार विधान परिषद के सदस्य भी रह चुके थे। राजनीति के अलावा शिक्षा और सामाजिक गतिविधियों में भी उनकी सक्रिय भागीदारी रही।
सांसद मनीष जायसवाल ने जताया दुख
उनके निधन पर वर्तमान सांसद मनीष जायसवाल ने गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने महावीर लाल विश्वकर्मा को सादगी, ईमानदारी और सार्वजनिक जीवन की शुचिता का प्रतीक बताते हुए कहा कि उनका निधन हजारीबाग के लिए अपूरणीय क्षति है।
मनीष जायसवाल ने उनके साथ अपने व्यक्तिगत संबंधों और मार्गदर्शन को याद करते हुए कहा कि चुनावी अभियानों की शुरुआत में उनका आशीर्वाद लेना एक विशेष परंपरा रही थी।
इसके अलावा विधायक प्रदीप प्रसाद, मनोज यादव, रोशनलाल चौधरी और भाजपा नेता प्रकाश दयाल समेत कई जनप्रतिनिधियों ने भी उनके निधन पर शोक जताते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।


