Jamshedpur News: जमशेदपुर से दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आ रही है। बताया जा रहा है, साकची स्थित बंगाल क्लब के पास एक बड़ी गाड़ी ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रुप से घायल हो गया। घायल की पहचान घाटशिला निवासी 26 वर्षीय अंकित के रुप में हुई है।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी
जानकारी के मुताबिक, अंकित अपने बाइक से दोस्तों के साथ मैदान में आयोजित संवाद कार्यक्रम देखकर घर लौट रहे थे। तभी बंगाल क्लब के पास बड़ी गाड़ी ने उन्हें टक्कर मार दी और वह सड़क पर गिर पड़े। टक्कर इतनी जोरदार थी कि, उनका पैर उनके शरीर से अलग हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। और लोगों की भीड़ जुट गई। घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने बड़ी गाड़ी के चालक और खलासी को दबोच लिया।

बेहतर इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) रेफर
वहीं, अंकित को तत्काल इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया। एमजीएम अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद अंकित की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) रेफर कर दिया। फिलहाल टीएमएच में डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। घटना की सूचना पुलिस और अंकित के परिजनों को दे दी गई है। पुलिस मौके पर पहुंच कर मामले की जांच में जुट गई है।


