देवघर : देवघर जिले के सारवां प्रखंड के सिरसिया गांव में शुक्रवार को मारपीट में गंभीर रूप से घायल शंभू यादव की एम्स, देवघर में इलाज के दौरान मौत हो गई। खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए। उन्होंने शव को एनएच-114ए के तिनबाटांड़ मोड़ पर रखकर सड़क जाम कर दिया। इससे आवागमन पूरी तरह ठप हो गया।

ग्रामीणों ने सिरसिया गांव के आरोपी राजेश यादव सहित मारपीट में शामिल अन्य लोगों की तत्काल गिरफ्तारी और कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की। परिजन और ग्रामीण आरोपियों की गिरफ्तारी पर अड़े रहे।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जाम हटाने का प्रयास किया। हालांकि, ग्रामीण मांगों पर अड़े रहे। इस दौरान पुलिस के साथ उनकी धक्का-मुक्की भी हुई। करीब दो घंटे तक एनएच-114ए पर यातायात बाधित रहा। अधिकारियों के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ और जाम हटा लिया गया।


