Ranchi News: रिम्स की जमीन घोटाले में ACB की बड़ी कार्रवाई, 7 अधिकारियों के ठिकानों पर छापेमारी

News Aroma Desk
4 Min Read
Ranchi News: रिम्स की जमीन घोटाले में ACB की बड़ी कार्रवाई, 7 अधिकारियों के ठिकानों पर छापेमारी
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Ranchi News: रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (RIMS) की 9.65 एकड़ जमीन की फर्जी दस्तावेजों के आधार पर अवैध खरीद-बिक्री के मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार को एसीबी की अलग-अलग टीमों ने गिरफ्तार सात अधिकारियों से जुड़े 10 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। ये ठिकाने रांची, जमशेदपुर, गिरिडीह और बोकारो में स्थित हैं। जांच एजेंसी ने छापेमारी के दौरान कई महत्वपूर्ण इलेक्ट्रॉनिक और दस्तावेजी साक्ष्य जुटाए हैं।

मामला अधिकारी, दलाल और बिल्डर के कथित सिंडिकेट के जरिए रिम्स की जमीन पर अवैध कब्जा करने, अपार्टमेंट बनाने और जमीन की खरीद-बिक्री से जुड़ा है। इस मामले में झारखंड हाई कोर्ट के आदेश के बाद रिम्स की जमीन से अतिक्रमण हटाया गया था। साथ ही वहां बनाए जा रहे निर्माणाधीन अपार्टमेंट को भी ध्वस्त किया गया था।

हाई कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुई थी FIR

हाई कोर्ट के आदेश के बाद एसीबी ने 5 जनवरी 2026 को रांची स्थित एसीबी थाने में कांड संख्या 01/2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की थी। इसमें भारतीय न्याय संहिता (BNS) और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराएं लगाई गई थीं।

इससे पहले एसीबी ने बिल्डर शुभम साबू समेत फर्जी जमीन मालिकों, दलालों और पावर होल्डर को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। इन पांचों आरोपितों के खिलाफ एजेंसी चार्जशीट भी दाखिल कर चुकी है। अब जांच का दायरा सात अधिकारियों तक पहुंच गया है, जिन्हें पिछले चार दिनों के भीतर गिरफ्तार किया गया है।

इन 7 अधिकारियों के ठिकानों पर हुई छापेमारी

एसीबी ने जिन अधिकारियों से जुड़े 10 ठिकानों पर छापेमारी की, उनमें शामिल हैं:

  1. मनोज कुमार रंजन: तत्कालीन भूमि सुधार उपसमाहर्ता और वर्तमान में शिक्षा विभाग के निदेशक। रांची के अरगोड़ा और जमशेदपुर के बालिगुमा स्थित ठिकानों पर छापेमारी हुई।
  2. राजेश कुमार: तत्कालीन अंचल अधिकारी, शहर अंचल। रांची के कोकर स्थित आवास पर छापेमारी की गई।
  3. वैभवमणि त्रिपाठी: तत्कालीन जिला अवर निबंधक। रांची के बरियातू स्थित आवास पर एसीबी ने तलाशी ली।
  4. अविनाश कुमार: तत्कालीन जिला अवर निबंधक, रांची एवं कांके प्रक्षेत्र। बरियातू स्थित आवास पर छापेमारी हुई।
  5. राहुल कुमार चौबे: तत्कालीन जिला अवर निबंधक। रांची के मोरहाबादी और बोकारो स्टील सिटी स्थित दो ठिकानों पर तलाशी ली गई।
  6. शैलेश कुमार: तत्कालीन अंचल अधिकारी, बड़गाईं। रांची के मोरहाबादी और गिरिडीह स्थित ठिकानों पर छापेमारी हुई।
  7. मनोज कुमार: तत्कालीन अंचल अधिकारी, बड़गाईं। रांची के बरियातू स्थित आवास पर एसीबी ने तलाशी ली।

इलेक्ट्रॉनिक और दस्तावेजी साक्ष्य जुटा रही एसीबी

सातों अधिकारियों की गिरफ्तारी के बाद एसीबी अब उनके खिलाफ पुख्ता साक्ष्य जुटाने में लगी है। इसी कड़ी में शुक्रवार को अलग-अलग शहरों में छापेमारी की गई। जांच एजेंसी को तलाशी के दौरान इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और दस्तावेजों के रूप में अहम साक्ष्य मिले हैं। माना जा रहा है कि इन साक्ष्यों के आधार पर जमीन की अवैध खरीद-बिक्री में अधिकारियों की कथित भूमिका और पूरे सिंडिकेट के नेटवर्क की जांच आगे बढ़ाई जाएगी।

Share This Article