अवैध कोयला खनन पर कार्रवाई करने पहुंची CISF टीम पर हमला, दो लोगों के नाम सामने आए

धनबाद के निरसा में अवैध कोयला खनन के खिलाफ कार्रवाई करने गई सीआईएसएफ टीम पर पथराव, वाहन का शीशा टूटा; दो नामजद समेत 8-10 अज्ञात पर कार्रवाई की मांग।

Razi Ahmad
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
Dhanbad News : निरसा की राजा कोलियरी ओपन कास्ट परियोजना (OCP) में अवैध कोयला खनन के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची CISF की टीम को विरोध का सामना करना पड़ा। छापेमारी के दौरान कुछ लोगों ने कथित तौर पर जवानों पर पथराव कर दिया। इस घटना में CISF के वाहन का पिछला शीशा क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं, जब्त मोटरसाइकिल को भी जबरन छुड़ाने की कोशिश की गई। मामले में CISF ने निरसा थाने में शिकायत देकर प्राथमिकी दर्ज करने और कार्रवाई की मांग की है।

300 किलो कोयला और मोटरसाइकिल जब्त

CISF की शिकायत के मुताबिक, 19 नवंबर को एग्जीक्यूटिव वाईबी मंगनगांचा के नेतृत्व में टीम ने राजा माइंस में अवैध कोयला खनन के खिलाफ छापेमारी की थी। इस दौरान बिना नंबर प्लेट की एक मोटरसाइकिल और करीब 300 किलोग्राम अवैध कोयला बरामद किया गया।

टीम जब जब्त सामान लेकर दोपहर करीब एक बजे निरसा थाने जा रही थी, तभी रास्ते में यह घटना हुई।

झाड़ियों से निकलकर पथराव करने का आरोप

CISF की ओर से दिए गए आवेदन में बताया गया है कि रास्ते के किनारे झाड़ियों में छिपे 8 से 10 लोगों ने अचानक टीम को घेर लिया। इसके बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली और CISF के वाहन पर पत्थरबाजी शुरू कर दी गई।

आरोप है कि कुछ लोग ट्रॉली पर चढ़ गए और जब्त मोटरसाइकिल को छुड़ाने का प्रयास करने लगे। इसी बीच ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। कुछ अन्य लोगों ने भी मोटरसाइकिल लेकर जंगल की ओर भागने की कोशिश की। हालांकि, बाद में तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई।

CISF की गाड़ी का पिछला शीशा टूटा

पथराव के दौरान CISF के छापेमारी वाहन संख्या JH 10 BU 4385 के पिछले दरवाजे का शीशा टूट गया। क्षतिग्रस्त वाहन को मरम्मत के लिए मुगमा एरिया कार्यालय भेजा गया। बाद में जब्त मोटरसाइकिल और करीब 300 किलो कोयले की जब्ती सूची तैयार कर निरसा पुलिस को सौंप दी गई।

दो नामजद समेत 8-10 लोगों पर कार्रवाई की मांग

CISF कैंप मुगमा के प्रभारी ने निरसा थाना प्रभारी को दिए आवेदन में खटाल गांव निवासी राजबीर यादव और समर यादव को नामजद किया है। दोनों को कारु यादव का पुत्र बताया गया है। इसके अलावा 8 से 10 अज्ञात लोगों की संलिप्तता का आरोप लगाया गया है।

CISF ने इसे सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने का मामला बताते हुए सभी आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। अब पुलिस की कार्रवाई और जांच के बाद ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।