रांची: झारखंड विधानसभा के आगामी विस्तारित सत्र को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। सत्र में पार्टी की रणनीति तय करने के लिए 24 नवंबर को कांग्रेस विधायक दल की बैठक बुलाई गई है। यह बैठक दोपहर 3 बजे स्टेट गेस्ट हाउस में आयोजित होगी। बैठक में कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी के. राजू भी मौजूद रहेंगे। इस दौरान विधानसभा के विस्तारित सत्र में पार्टी की भूमिका और सदन में उठाए जाने वाले मुद्दों पर चर्चा होगी। साथ ही सत्र के दौरान अपनाई जाने वाली रणनीति को अंतिम रूप दिया जाएगा।

25 और 26 नवंबर को होगा विधानसभा का विस्तारित सत्र
झारखंड विधानसभा का विस्तारित सत्र 25 और 26 नवंबर को आयोजित किया जाएगा। इस दौरान सदन में MMDR और SIR को लेकर प्रस्ताव पेश किए जाएंगे। ऐसे में सत्र शुरू होने से ठीक एक दिन पहले होने वाली कांग्रेस विधायक दल की बैठक को काफी अहम माना जा रहा है। पार्टी इस बैठक में आगे की रणनीति तैयार करेगी।



