चतरा : निर्माणाधीन बक्सा पुल का निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने तथा नवनिर्मित पुल से आवागमन शुरू करने की मांग को लेकर अधिवक्ता योगेन्द्र यादव के नेतृत्व में जारी शांतिपूर्ण अनिश्चितकालीन सत्याग्रह सोमवार को तीसरे दिन भी जारी रहा।सत्याग्रह के तीसरे दिन इटखोरी के अंचल और प्रखंड विकास पदाधिकारी आंदोलन स्थल पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने सत्याग्रह कर रहे लोगों से बातचीत की तथा आंदोलन से संबंधित मांगों और स्थिति से उपायुक्त, चतरा को अवगत कराया।

उपायुक्त से हुई बातचीत के आधार पर अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि मंगलवार से निर्माणाधीन बक्सा पुल का निर्माण कार्य दोबारा शुरू करा दिया जाएगा। इसके साथ ही पुराने जर्जर बक्सा पुल की मरम्मत का कार्य सोमवार से ही शुरू कर दिया गया है। प्रशासन की ओर से मिले इस आश्वासन के बाद सत्याग्रह स्थल पर उम्मीद जगी है। हालांकि, आंदोलनकारियों का कहना है कि उनकी मुख्य मांग अधूरे पुल का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराकर नवनिर्मित पुल पर आवागमन शुरू करना है, ताकि आम लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।



