गुमला में दर्दनाक हादसा: कार से टक्कर के बाद बिजली के खंभे से भिड़ा ट्रक, जिंदा जल गया चालक, केबिन में मिला कंकाल

गुमला में देर रात कार और ट्रक की भीषण टक्कर के बाद ट्रक बिजली के खंभे से टकराकर जल उठा। हादसे में चालक पंकज कुमार की दर्दनाक मौत हो गई।

3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

गुमला: गुमला जिले में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। कार्तिक उरांव कॉलेज के पास पालकोट रोड पर रात करीब 12:30 बजे एक कार और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक अनियंत्रित होकर 11 हजार वोल्ट के बिजली के खंभे से जा टकराया। इसके बाद ट्रक में अचानक आग लग गई। आग ने देखते ही देखते पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में ट्रक चालक की जिंदा जलकर मौत हो गई।

मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश निवासी 35 वर्षीय पंकज कुमार के रूप में हुई है। वह राउरकेला से सरिया लेकर उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जा रहा था। आग बुझने के बाद जब ट्रक के केबिन की तलाशी ली गई, तो अंदर चालक का कंकाल बरामद हुआ।

सरिया लेकर अलीगढ़ जा रहा था ट्रक

जानकारी के मुताबिक पंकज कुमार राउरकेला से ट्रक में सरिया लोड कर अलीगढ़ के लिए निकला था। इसी दौरान पालकोट रोड पर सामने से आ रही एक कार को बचाने की कोशिश में ट्रक चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। पहले ट्रक की कार से टक्कर हुई और इसके बाद वह सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा भिड़ा। टक्कर के कुछ ही देर बाद ट्रक में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि चालक को केबिन से बाहर निकलने तक का मौका नहीं मिला और वह अंदर ही फंस गया।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

हादसे के समय ट्रक के पीछे एक अन्य ट्रक भी चल रहा था। उसके चालक ने घटना की जानकारी तुरंत गुमला थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आग पूरे ट्रक में फैल चुकी थी। काफी कोशिशों के बावजूद चालक को बचाया नहीं जा सका। बुधवार सुबह हादसे की खबर फैलते ही घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने मौके पर सुरक्षा व्यवस्था संभाली और सड़क पर बैरिकेडिंग कर यातायात को नियंत्रित किया। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और ट्रक में आग लगने की असली वजह क्या थी।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।