हवाई किराए में बेतहाशा बढ़ोतरी पर स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लिखा भावुक पत्र, कहा-लोगों को राहत दिलाने के लिए ठोस नीति बनाने की जरूरत

हवाई किराए में बेतहाशा बढ़ोतरी से परेशान स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने पीएम मोदी को पत्र लिखा। उन्होंने किराए की अधिकतम सीमा और मरीजों के परिजनों को रियायत देने की मांग की।

3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने हवाई किराए में लगातार हो रही बढ़ोतरी को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है। पत्र में उन्होंने हवाई किराए पर नियंत्रण लगाने और आम लोगों को राहत देने के लिए ठोस नीति बनाने की मांग की है। अपने पत्र में मंत्री ने एयरपोर्ट पर हुई एक घटना का जिक्र करते हुए बताया कि महंगे हवाई टिकट के कारण एक महिला अपने गंभीर रूप से बीमार पति से मिलने के लिए परेशान थी। डॉ. इरफान अंसारी के मुताबिक, झारखंड कैबिनेट की ओर से भारत मंडपम में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए उन्हें अचानक रांची से दिल्ली जाना पड़ा। इस दौरान रांची से दिल्ली का हवाई टिकट करीब 31 हजार रुपये का मिल रहा था। उन्होंने कहा कि उनका यात्रा खर्च सरकार वहन कर सकती है, लेकिन आम मध्यमवर्गीय और गरीब परिवारों के लिए इतनी बड़ी रकम जुटाना आसान नहीं है।

बीमार पति से मिलने के लिए परेशान थी महिला

स्वास्थ्य मंत्री ने पत्र में बताया कि एयरपोर्ट पर उनकी नजर एक महिला पर पड़ी, जो टिकट का किराया देखकर रो रही थी। पूछने पर पता चला कि महिला के पति चंडीगढ़ में किडनी की गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं और उनकी हालत नाजुक है। पति ने अपनी पत्नी से मिलने की अंतिम इच्छा जताई थी, लेकिन महंगे हवाई किराए के कारण महिला उनके पास नहीं पहुंच पा रही थी।मंत्री के अनुसार, महिला की परेशानी देखकर उन्होंने अपनी ओर से मदद की और अन्य लोगों के सहयोग से उसके टिकट की व्यवस्था करवाई, ताकि वह अपने पति से मिल सके।

हवाई किराए की अधिकतम सीमा तय करने की मांग

डॉ. इरफान अंसारी ने प्रधानमंत्री से आग्रह किया है कि नागरिक उड्डयन मंत्रालय को हवाई किराए पर नियंत्रण के लिए सख्त निर्देश दिए जाएं। उन्होंने मांग की है कि हवाई टिकट के किराए की अधिकतम सीमा तय हो, एयरलाइंस कंपनियों की ओर से अचानक और मनमाने तरीके से किराया बढ़ाने पर रोक लगे तथा आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों और उनके परिजनों को विशेष रियायती टिकट उपलब्ध कराया जाए। इसके साथ ही उन्होंने किराया निर्धारण में पारदर्शिता लाने और नियमों का उल्लंघन करने वाली कंपनियों पर कार्रवाई करने की मांग भी की है।

राजनीति से ऊपर इंसानियत को बताया

अपने पत्र में स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि वह कांग्रेस पार्टी से हैं, लेकिन इस मुद्दे को किसी राजनीतिक विचारधारा से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री से अपील की कि इस विषय पर राजनीतिक नजरिये के बजाय मानवीय संवेदना के आधार पर विचार किया जाए। डॉ. अंसारी ने कहा कि देश में ऐसे कई परिवार हैं, जिन्हें बीमारी, दुर्घटना या पारिवारिक आपातकाल में अचानक यात्रा करनी पड़ती है। ऐसे समय में महंगे हवाई टिकट उनके लिए बड़ी परेशानी बन जाते हैं।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।