टाटा मोटर्स में वादाखिलाफी के आरोप पर फिर भड़का आंदोलन, सभी गेट जाम ; 5 हजार कर्मचारी लौटे, उत्पादन प्रभावित

वादाखिलाफी के आरोप पर टाटा मोटर्स जमशेदपुर में कर्मचारियों का आंदोलन फिर भड़क उठा। सभी गेट जाम होने से पांच हजार कर्मचारी लौटे और उत्पादन प्रभावित हुआ।

Archana Ekka
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

जमशेदपुर : टाटा मोटर्स के जमशेदपुर प्लांट में बुधवार सुबह कर्मचारी आंदोलन ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया। तय समय पर मांगों को लिखित रूप में देने का आश्वासन पूरा नहीं होने से कर्मचारियों में नाराजगी भड़क उठी। आंदोलनकारियों ने प्लांट के विभिन्न गेटों पर प्रदर्शन करते हुए प्रवेश बाधित कर दिया, जिसके कारण हजारों कर्मचारी और अधिकारी प्लांट के अंदर नहीं जा सके और उन्हें वापस लौटना पड़ा।

जानकारी के अनुसार, आंदोलनकारी कर्मचारियों को आज सुबह 10 बजे तक उनकी मांगों को लिखित रूप में देने का आश्वासन दिया गया था। लेकिन तय समय पर लिखित आश्वासन नहीं मिलने को कर्मचारियों ने वादाखिलाफी बताया। इसके बाद विरोध प्रदर्शन तेज हो गया और कैंटीन गेट, टेल्को गेट समेत प्लांट के विभिन्न प्रवेश द्वारों पर आंदोलन शुरू हो गया। यह आंदोलन कर्मचारी सुबोध पात्रो की मौत के मामले को लेकर चल रहा है। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि कंपनी प्रबंधन ने घटना को लेकर उचित कार्रवाई नहीं की और ड्यूटी के दौरान लगी चोट को स्वीकार करने में भी आनाकानी की। कर्मचारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर स्पष्ट और लिखित आश्वासन नहीं मिलता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

गेट जाम होने के कारण करीब 5 हजार कर्मचारी एवं अधिकारी प्लांट में प्रवेश नहीं कर सके। इससे कंपनी का उत्पादन भी प्रभावित हुआ और करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। विरोध प्रदर्शन के बीच श्रम विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और कर्मचारियों तथा प्रबंधन के बीच बातचीत के जरिए विवाद सुलझाने की कोशिश की। हालांकि, लिखित आश्वासन को लेकर कर्मचारियों में नाराजगी बनी हुई है और प्लांट परिसर के बाहर आंदोलन का माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सन्मार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।