रामगढ़ : रामगढ़ कुजू ओपी क्षेत्र के दिगवार रेलवे ओवरब्रिज के पास तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान चरही थाना क्षेत्र के तापिन निवासी सुमन कुमार महतो (30 वर्ष) के रूप में हुई है। सुमन अपनी हीरो डीलक्स बाइक (JH 02 BF 8019) से रामगढ़ के कैथा जा रहे थे। तभी रेलवे ओवरब्रिज के कट के पास छाई लदे डंपर (JH 02 AG 0115) ने उन्हें टक्कर मार दी।

ग्रामीणों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। आक्रोशित लोगों ने डंपर चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने डंपर और बाइक जब्त कर प्रक्रिया पूरी की। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मौत से परिवार में मातम है। सड़क हादसों से चिंतित ग्रामीणों ने भारी वाहनों की आवाजाही पर सवाल उठाए और दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुरक्षा इंतजाम करने की मांग प्रशासन से की।



