नगर आयुक्त ने किया निर्माण कार्य का निरीक्षण
नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने बुधवार को निर्माणाधीन ऑटो स्टैंड का निरीक्षण कर कार्य की प्रगति देखी। उन्होंने अधिकारियों को तय समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निर्माण पूरा करने का निर्देश दिया। परिसर में आरसीसी का काम कराया जा रहा है। ऑटो के व्यवस्थित आवागमन के लिए वेजिटेबल मार्केट की ओर से प्रवेश और पीछे की तरफ से निकास की व्यवस्था होगी।

यात्रियों के लिए भी मिलेंगी सुविधाएं
ऑटो स्टैंड में यात्रियों के बैठने के लिए शेड, पेयजल और जल निकासी की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। ऑटो के लिए अलग-अलग पड़ाव बनाए जाएंगे। इनकी मार्किंग और नंबरिंग भी होगी, ताकि चालक निर्धारित जगह पर ही वाहन खड़े करें।

सड़क पर जाम से मिलेगी राहत
फिलहाल रातू रोड और किशोरी यादव चौक के आसपास सड़क किनारे ऑटो खड़े होने से यातायात प्रभावित होता है। नया स्टैंड शुरू होने के बाद ऑटो को निश्चित जगह मिलेगी। इससे अव्यवस्थित पार्किंग कम होने और यातायात सुचारु होने की उम्मीद है।


