रांची: झारखंड स्थापना दिवस और राज्य सरकार की दूसरी वर्षगांठ के अवसर पर 28 नवंबर को खेलगांव में राज्य स्तरीय समारोह आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में राज्य के 29 टॉपर और मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। चयनित छात्र-छात्राओं को लैपटॉप, मोबाइल और तीन लाख रुपये तक की नकद राशि पुरस्कार के रूप में दी जाएगी। सम्मानित होने वाले विद्यार्थियों में जैक, सीबीएसई और आईसीएसई की वर्ष 2026 की 10वीं और 12वीं परीक्षाओं के टॉपर शामिल हैं। इसके अलावा मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों के टॉपर, झारखंड राज्य ओलंपियाड के विजेता और आकांक्षा कार्यक्रम के माध्यम से देश के इंजीनियरिंग व मेडिकल संस्थानों में चयनित विद्यार्थियों को भी पुरस्कृत किया जाएगा।

नकद पुरस्कार के साथ लैपटॉप और मोबाइल भी
समारोह में यदि कोई चयनित छात्र या छात्रा किसी कारण से उपस्थित नहीं हो पाता है, तो उसके अभिभावक पुरस्कार लेने के लिए शामिल हो सकते हैं। पुरस्कार राशि के तहत प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी को तीन लाख रुपये, दूसरे स्थान पर रहने वाले को दो लाख रुपये और तीसरा स्थान हासिल करने वाले को एक लाख रुपये दिए जाएंगे। इसके साथ सभी चयनित विद्यार्थियों को लैपटॉप और मोबाइल भी प्रदान किए जाएंगे।

जानकारी के अनुसार जैक, सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड को मिलाकर कुल 80 विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। वहीं, आकांक्षा कोचिंग, ओलंपियाड और ई-शिक्षा महोत्सव के तहत राज्य और जिला स्तर पर कुल 235 विद्यार्थियों को पुरस्कार दिया जाएगा।


