Ranchi News: राजधानी रांची के डोरंडा थाना क्षेत्र से हैरान करने वाली घटना सामने आई है। जहां से आठवीं कक्षा में पढ़ने वाली एक नाबालिग छात्रा के लापता होने की खबर है। बताया जा रहा है, हर रोज की तरह छात्रा स्कूल वैन से स्कूल पहुंची थी, लेकिन स्कूल के मुख्य गेट से एक युवक की बाइक पर बैठकर कहीं चली गई। इसके बाद से वह घर वापस नहीं लौटी। मामले की जानकारी पुलिस को दे दी गई है।

छात्रा की तलाश में जुटी पुलिस
वहीं, पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए शिकायत दर्ज कर लिया है और छात्रा की तलाश शुरु कर दी है। इसको लेकर डोरंडा थाना प्रभारी दिग्विजय सिंह ने बताया कि, छात्रा की सुरक्षित बरामदगी के लिए पुलिस की विशेष टीम गठित की गई है। संदिग्धों की पहचान और छात्रा की लोकेशन का पता लगाने के लिए तकनीकी सेल की भी मदद ली जा रही है। पुलिस कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) खंगालने के साथ ही स्कूल और आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों के फुटेज की भी जांच कर रही है।


