रांची : प्रदेश कांग्रेस मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने कहा है कि भाजपा में इन दिनों झूठ, भ्रम और आधी-अधूरी जानकारी के आधार पर राजनीति करने की होड़ मची हुई है। भाजपा के प्रवक्ता जिन आंकड़ों और योजनाओं का हवाला देकर राज्य सरकार और कांग्रेस को घेरने का प्रयास कर रहे हैं, उन्हें पहले तथ्यों की सही जानकारी हासिल कर लेनी चाहिए। भाजपा प्रवक्ता की ओर से प्रस्तुत किए गए आंकड़े ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह के कार्यकाल से संबंधित ही नहीं हैं। बिना समय-सीमा और विभागीय जिम्मेदारी की जानकारी के आंकड़े पेश करना जनता को गुमराह करने की राजनीतिक कोशिश है।

श्री सिन्हा ने कहा कि भाजपा प्रवक्ताओं को यह भी याद रखना चाहिए कि केंद्र की भाजपा सरकार ने झारखंड को दो वर्षों तक प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभ से वंचित रखा। उस अवधि में राज्य के पात्र लाभुकों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिल पाया। इसी उपेक्षा और जरूरतमंद गरीब परिवारों को आवास उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता के तहत झारखंड की गठबंधन सरकार ने अपनी महत्वाकांक्षी अबुआ आवास योजना शुरू की, ताकि गरीबों को अपने पक्के मकान का सपना पूरा करने का अवसर मिल सके। मनरेगा को लेकर भाजपा की राजनीति भी पूरी तरह विरोधाभासी है। भाजपा प्रवक्ता स्वयं स्वीकार कर रहे हैं कि मनरेगा ग्रामीण क्षेत्रों के बेरोजगार और जरूरतमंद लोगों के लिए रोजगार का महत्वपूर्ण सहारा रहा है। सवाल यह है कि जब केंद्र सरकार ने मनरेगा की जगह VB-G RAM G योजना को लेकर नई व्यवस्था लागू करने की पहल की है, तो भाजपा के नेता आज भी मनरेगा का नाम लेकर राजनीतिक बयानबाजी क्यों कर रहे हैं? सच्चाई यह है कि मनरेगा के तहत झारखंड के मजदूरों की मजदूरी का भुगतान केंद्र सरकार की ओर से लंबित रखा गया है। भाजपा प्रवक्ता पहले यह बताएं कि गरीब मजदूरों की मेहनत की कमाई का भुगतान रोकने की जिम्मेदारी किसकी है?
भाजपा प्रवक्ता को विभागीय जानकारी का भी अभाव है। जल जीवन मिशन के तहत हर घर नल से जल पहुंचाने की योजना ग्रामीण विकास विभाग के अधीन नहीं, बल्कि पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के अधीन आती है। ऐसे में किसी विभाग के कामकाज पर सवाल उठाने से पहले संबंधित विभाग और उसकी जिम्मेदारी की जानकारी रखना जरूरी है। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि भाजपा प्रवक्ता जिन योजनाओं का उल्लेख कर रहे हैं, वे सभी केंद्र सरकार द्वारा संचालित योजनाएं हैं। झारखंड सरकार लगातार यह सवाल उठा रही है कि केंद्र सरकार केंद्रीय योजनाओं के क्रियान्वयन में राज्य के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। कभी योजनाओं के लाभुकों को मिलने वाला लाभ रोक दिया जाता है, तो कभी केंद्र सरकार की ओर से मिलने वाली आर्थिक हिस्सेदारी में देरी की जाती है। इसके बावजूद भाजपा के नेता अपनी केंद्र सरकार से सवाल पूछने के बजाय राज्य सरकार पर आरोप लगाने में व्यस्त हैं।
राकेश सिन्हा ने कहा कि भाजपा को यह स्पष्ट करना चाहिए कि यदि केंद्रीय योजनाओं में झारखंड को पर्याप्त राशि और समय पर केंद्रीय हिस्सेदारी मिले, लाभुकों का बकाया भुगतान हो तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में राजनीतिक भेदभाव बंद हो, तो राज्य में विकास की गति और तेज होगी। भाजपा के नेता जनता को गुमराह करने के बजाय प्रधानमंत्री और केंद्र सरकार से झारखंड का बकाया हक दिलाने की लड़ाई लड़ें। भाजपा को समझना चाहिए कि प्रेस कॉन्फ्रेंस में ऊंची आवाज में आंकड़े पढ़ देने से झूठ सच नहीं हो जाता। जनता अब तथ्यों को समझती है। केंद्र की विफलताओं को राज्य सरकार के माथे मढ़ने की भाजपा की राजनीति ज्यादा दिनों तक चलने वाली नहीं है।


