
Hazaribagh news: हजारीबाग में पुलिस ने ज्वेलरी दुकानों में लूट और डकैती की बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना पर पानी फेर दिया है। चौपारण थाना क्षेत्र के सिंघरावां ओवरब्रिज के पास पुलिस ने घेराबंदी कर सफेद एर्टिगा कार में सवार चार संदिग्ध अपराधियों को गिरफ्तार किया है। तलाशी के दौरान उनके पास से दो देसी पिस्टल, एक देसी कट्टा और नौ जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इसके अलावा चाकू, पेचकस और तीन मोबाइल फोन भी पुलिस ने जब्त किए हैं। वारदात में इस्तेमाल की जा रही कार को भी कब्जे में ले लिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, 28 नवंबर को गिरिडीह पुलिस से हजारीबाग पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी गिरिडीह और बोकारो की नामी ज्वेलरी दुकानों को निशाना बनाने की तैयारी में हैं। गिरोह के कुछ सदस्य हथियारों के साथ सफेद कार से चौपारण के रास्ते बिहार की ओर भागने की कोशिश कर रहे थे। इसके बाद चौपारण थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई और सिंघरावां ओवरब्रिज के पास घेराबंदी कर चारों आरोपियों को पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के वैशाली जिले के अभिनव राज, मनीष कुमार और राहुल कुमार के अलावा उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर निवासी महफुज के रूप में हुई है। इनकी उम्र 19 से 28 साल के बीच बताई गई है।
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर गिरिडीह और बोकारो की ज्वेलरी दुकानों में लूटपाट और डकैती करने की योजना बना रहे थे। पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी के डर से वे बिहार की तरफ लौट रहे थे। फिलहाल पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की पहचान करने और उनकी आपराधिक गतिविधियों का पता लगाने में जुटी है।


