भारत बंद के दौरान किसानों ने रेल ट्रैक व सड़कों पर जमाया कब्जा, दिल्ली में चार मेट्रो स्टेशन बंद

News Aroma Media
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नई दिल्ली: नए कृषि कानूनों के खिलाफ शुक्रवार को किसानों के भारत बंद के दौरान कई स्थानों पर प्रदर्शनकारियों ने सड़क और रेल यातायात जाम कर दिया।

यद्यपि किसान संगठनों ने प्रदर्शन को शांतिपूर्ण रखने की अपील की है, लेकिन कई स्थानों पर उनके पुलिस के साथ छिटपुट संघर्ष की खबर है।

किसानों के भारत बंद को देखते हुए दिल्ली मेट्रो ने टिकरी बॉर्डर, पंडित श्रीराम शर्मा, बहादुरगढ़ सिटी और ब्रिगेडियर होशियार सिंह मेट्रो स्टेशन को बंद कर दिया है।

अमृतसर में किसानों ने रेलवे ट्रैक को जाम कर दिया है। अमृतसर से दिल्ली रेलवे ट्रैक पर कुल 88 स्थानों पर किसान धरने पर बैठे हैं।

सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक कृषि कानून के खिलाफ आज किसानों ने भारत बंद का आयोजन किया है।

कृषि कानूनों के खिलाफ़ किसान संगठनों द्वारा बुलाए गए भारत बंद का असर हरियाणा और पंजाब में सुबह से ही देखने को मिल रहा है।

हरियाणा के अनेक प्रमुख मार्गों पर किसानों ने सुबह से ही अपने ट्रैक्टर खड़े करके जगह-जगह पर जाम लगा दिया है।

 पंजाब में भी दिन निकलते ही किसानों ने तमाम छोटे बड़े रास्तों और हाइवे को बंद कर दिया है।

मोहाली में पुलिस ने कई स्थानों पर बैरिकेडिंग कर ट्रैफ़िक को डायवर्ट करने की कोशिश की, क्योंकि वहां किसान धरने पर बैठ गए हैं।

गाजीपुर बॉर्डर पर भारत बंद के दौरान किसानों का प्रदर्शन जारी है।

बीच सड़क पर किसान होली के गानों पर डांस कर रहे हैं। गाजीपुर बॉर्डर के अलावा दिल्ली की अलग-अलग सीमाओं पर किसानों का प्रदर्शन जारी है। किसान आंदोलन के आज चार महीने पूरे होने वाले हैं।

दिल्ली की जिन सीमाओं पर किसानों का धरना जारी है, वे सड़कें पहले से ही बंद हैं।

इस दौरान वैकल्पिक रास्ते खोले गए थे, लेकिन आज के भारत बंद की वजह से सुबह 6 से शाम 6 बजे तक इन वैकल्पिक रास्तों को भी बंद कर दिया गया है।

किसान संयुक्त मोर्चा के नेता बलबीर सिंह राजेवाल ने कहा कि नए कृषि कानून वापस लेने तक किसानों का आंदोलन जारी रहेगा।

Share This Article