प्रधानमंत्री की समीक्षा बैठक में शामिल नहीं हुईं ममता बनर्जी, अलग कमरे में मुलाकात कर सौंपी रिपोर्ट

Digital News
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

कोलकाता: पश्चिम बंगाल में चक्रवात यास से हुए नुकसान का आकलन करने पहुंचे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी शामिल नहीं हुई हैं।

बाद में उन्होंने अलग कमरे में प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की और राज्य में हुए नुकसान की रिपोर्ट सौंप कर बंगाल के लिए राहत पैकेज देने की मांग की।

शुक्रवार को निर्धारित समय पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कोलकाता पहुंचे और उत्तर और दक्षिण 24 परगना तथा पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर में चक्रवात प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया।

हवाई सर्वे के बाद प्रस्तावित समीक्षा बैठक के लिए प्रधानमंत्री मोदी पूर्व मेदिनीपुर पहुंचे। यहां कलाईकुंडा में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई है।

बैठक में भाग लेने के लिए ममता बनर्जी भी पहुंचीं लेकिन अंत समय में उन्होंने बैठक में भाग नहीं लिया।

ममता बनर्जी ने प्रधानमंत्री मोदी से अलग मुलाकात के लिए अलग से समय मांगा।

बाद में एक अलग कमरे में उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की और बंगाल में चक्रवात से हुए नुकसान की रिपोर्ट सौंपी है।

सूत्रों ने बताया कि मुख्यमंत्री ने अपनी रिपोर्ट में प्रधानमंत्री से बंगाल के लिए तत्काल राहत पैकेज की मांग की है। इसके बाद मुख्यमंत्री दीघा के लिए रवाना हो गईं।

दरअसल, प्रधानमंत्री मोदी की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भी शामिल होने का कार्यक्रम था। लेकिन बैठक में भाजपा विधायक व विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी के बैठक में शामिल होने पर मुख्यमंत्री इस बैठक में शामिल नहीं हुईं।

प्रधानमंत्री के पहुंचने से पहले राज्यपाल जगदीप धनखड़, केंद्रीय मंत्री देवश्री चौधरी, शुभेंदु अधिकारी और राज्य के सिंचाई मंत्री सोमेन महापात्र भी मौजूद थे।

Share This Article