दिल्ली पहुंचे रामेश्वर उरांव, केसी वेणुगोपाल से मिले

Digital News
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और राज्य के खाद्य आपूर्ति मंत्री रामेश्वर उरांव मंगलवार को दिल्ली पहुंचे हैं। वे कांग्रेस के वरीय नेताओं के बुलावे पर दिल्ली पहुंचे हैं।

दिल्ली पहुंचने के बाद उन्होंने कांग्रेस के वरीय नेता केसी वेणुगोपाल से मुलाकात की है।

बताया गया है कि राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी मंगलवार की शाम दिल्ली रवाना हो चुके हैं।

उल्लेखनीय है कि प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष रामेश्वर उरांव दो पदें पर विराजमान हैं। इसे लेकर कांग्रेस नेताओं में आए दिन विरोध हो रहा है।

बताया जाता है कि रामेश्वर उरांव को प्रदेश अध्यक्ष का पद छोड़ना पड़ सकता है। संभावना जताई जा रही है कि कांग्रेस कोटे से एक मंत्री को भी बदला जा सकता है।

इस संबंध में कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता आलोक कुमार दुबे ने बताया कि रामेश्वर उराँव और राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू ने संगठन प्रभारी केसी वेणुगोपाल से दिल्ली में मुलाकात की।

राष्ट्रव्यापी आउटरीच अभियान कार्यक्रम की सफलता को लेकर विचार विमर्श किया।

उरांव ने संगठन प्रभारी को आश्वस्त किया कि कोविड प्रभावित और मृतक परिवार के सदस्यों का डाटा एकत्रित करना सर्वे अभियान के इस महत्वपूर्ण लक्ष्य को 30 दिनों में पूरा कर लिया जाएगा।

इस सर्वे आउटरीच अभियान में पार्टी के सांसद, विधायक, मंत्री, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक एवं सभी वरिष्ठ कांग्रेसी जनों के साथ साथ मुख्य रुप से जिला कांग्रेस अध्यक्षों एवं प्रखण्ड अध्यक्षों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी एवं एक दो दिनों के अंदर सर्वे का काम प्रारंभ कर दिया जाएगा।

उरांव ने बताया कि आउटरीच कार्यक्रम की सफलता के लिए पार्टी के पदाधिकारियों की कल एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित कर इसे क्रियान्वित करने के लिए रणनीति बनाई गई है एवं कंट्रोल रूम का भी गठन किया जा चुका है।

दूबे ने बताया कि रामेश्वर उराँव रुटीन चेकअप के लिए दो दिवसीय दौरे पर दिल्ली गये हुए हैं और इसी क्रम में उन्होंने अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के महासचिव सह संगठन प्रभारी केसी वेणुगोपाल से मुलाकात की है।

Share This Article