RANCHI : टेंट हाउस के गोदाम में लगी आग, लाखों का नुकसान

Digital News
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: रांची जिले के खलारी थाना क्षेत्र अंतर्गत गोकुल नगर में मोनू टेंट हाउस में आग लग गई।

हादसे में 25 से 30 लाख रुपये मूल्य का सामान जलकर राख हो गया। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।

बताया जा रहा है कि शनिवार को अहले सुबह पड़ोस के लोगों ने आग लगने की जानकारी महावीर नगर में रह रहे टेंट हाउस के संचालक मोनू गुप्ता को दी। तब तक आग की लपटे भीषण रूप ले चुकी थी।

पुलिस को सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फायर ब्रिगेड को घटना की सूचना दी। सूचना के बाद सीसीएल से फायर ब्रिगेड का वाहन मौके पर पहुंचा।

आग इतनी भयावह थी कि फायर ब्रिगेड वाहन को तीन बार पानी भरकर लाना पड़ा।

इस आगजनी में गोदाम कैंपस में रखा एक महेन्द्रा कंपनी का पिकअप वैन, 30 केवीए का साइलेंट जेनरेटर, तीन 7-7 केवीए का जेनरेटर, पंखा, कूलर, अल्यूमिनियम, पीतल के बर्तन, कपड़ा, कुर्सी, 1500 से अधिक बांस सहित गोदाम में रखा अन्य सामान पूरी तरह जल गया।

करीब 1200 वर्ग फीट के गोदाम के छत में लगा मेटल शीट व लोहे का चैनल भी आग से झुलस गया है।

टेंट हाउस मालिक ने बताया कि इसी वर्ष अप्रैल में 12 लाख रुपये में टेंट का नया सामान लाया था।

बताया गया कि आग पहले गोदाम के पीछे रखी बांस में लगी। धीरे-धीरे आग गोदाम के अंदर पहुंच गई।

सुबह अगलगी की खबर मिलते ही लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। आग कैसे लगी अभीतक पता नहीं चला है।

लोगों का कहना है कैसे आग लगी है ये जांच का विषय है। खलारी थाना प्रभारी फरीद आलम ने बताया कि मामले की जांच पड़ताल की जा रही है ।

Share This Article