
- 143 छात्रों ने प्रथम श्रेणी हासिल की, 13 विद्यार्थियों ने 90% से अधिक अंक प्राप्त कर बढ़ाया विद्यालय का मान
Ranchi School Result : राजधानी के पुंदाग स्थित लिटिल एंजल्स हाई स्कूल पुंदाग ने इस वर्ष के मैट्रिक परीक्षा परिणाम में शानदार प्रदर्शन करते हुए शिक्षा जगत में अपनी मजबूत पहचान कायम की है। विद्यालय के कुल 179 छात्र-छात्राएं मैट्रिक परीक्षा में शामिल हुए। इनमें से 143 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। वहीं स्कूल की टॉपर रुखसार परवीन 96.5 अंक हासिल कर स्कूल टॉपर रही।
परिणाम घोषित होते ही विद्यालय परिसर में खुशी और उत्साह का माहौल बन गया। विद्यालय के निदेशक मसूद कच्छी ने छात्रों की इस सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की कठिन मेहनत, शिक्षकों की लगन और अभिभावकों के सहयोग का प्रतिफल है।
उन्होंने कहा कि विद्यालय हमेशा से बेहतर शिक्षा, अनुशासन और नैतिक मूल्यों के साथ विद्यार्थियों को आगे बढ़ाने के लिए कार्य करता रहा है। इसी का परिणाम है कि इस वर्ष भी विद्यालय के छात्रों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया।
उन्होंने सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता उनके उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है। साथ ही उन्होंने उन विद्यार्थियों का भी हौसला बढ़ाया जिन्हें अपेक्षा के अनुरूप अंक नहीं मिल सके और कहा कि निरंतर प्रयास से हर चुनौती को पार किया जा सकता है।
मैट्रिक परीक्षा में सफलता प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों की खुशी विद्यालय परिसर में साफ देखने को मिली। स्कूल प्रबंधन की ओर से सफल छात्र-छात्राओं को मिठाई खिलाकर उनकी खुशी साझा की गई। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने एक-दूसरे को बधाई दी और अपनी सफलता का जश्न मनाया। विद्यालय के शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि आने वाले समय में भी छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर मार्गदर्शन और आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार प्रयास जारी रहेगा, ताकि विद्यार्थी शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को हासिल कर सकें।
मौके पर कहकशा मसूद, अरीशा मसूद, राज दिलशाद, आसिफ जिया, तफ़ज़ुल रहमान, आदिल हुसैन, राणा तरन्नुम, मुस्कान परवीन, सुशीला देवी, सोनी कुमारी, नरगिस खातून समेत स्कूल परिवार से जुड़े सभी लोग उपस्थित थे।

