मोहन भागवत तीन दिवसीय प्रवास पर रविवार को पहुंचेंगे अयोध्या

News Aroma
3 Min Read
#image_title
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

लखनऊ: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत तीन दिवसीय प्रवास पर रविवार (17 अक्टूबर) को अयोध्या पहुंचेंगे और 18 अक्टूबर को कारसेवकपुरम् में संघ के पांच दिवसीय अखिल भारतीय शारीरिक प्रशिक्षण वर्ग का उद्घाटन करेंगे।

सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले 23 अक्टूबर को वर्ग के समापन सत्र में उपस्थित रहेंगे। अयोध्या में संघ के स्वयंसेवकों की शारीरिक दक्षता बढ़ाने के लिए पांच दिवसीय अखिल भारतीय शारीरिक वर्ग का आयोजन हो रहा है।

इसमें देशभर से संघ के शारीरिक विभाग से जुड़े करीब 500 कार्यकर्ता हिस्सा लेंगे। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, इस प्रवास के दौरान डॉ. भागवत श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पदाधिकारियों और अयोध्या के प्रमुख संत-महंतों से भेंट करेंगे।

वह श्रीरामलला का दर्शन करेंगे और बजरंगबली का आशीर्वाद लेने के लिए हनुमानगढ़ी भी जाएंगे। वर्ग में सह सरकार्यवाह रामदत्त चक्रधर भी उपस्थित रहेंगे।

अखिल भारतीय शारीरिक शिक्षण प्रमुख डॉ. दिनेश कुलकर्णी और सह शारीरिक शिक्षण प्रमुख जगदीश प्रसाद पूरे समय वर्ग में रहेंगे। डॉ. कुलकर्णी अयोध्या पहुंच चुके हैं।

संघ की स्थापना के 100 वर्ष 2025 में पूरे होने वाले हैं। संघ शताब्दी वर्ष भव्य रूप से मनाने की तैयारी में है। अयोध्या में होने वाले शारीरिक प्रशिक्षण वर्ग में आगामी शताब्दी वर्ष के मद्देनजर विभिन्न शारीरिक कार्यक्रमों की योजना बनाई जाएगी।

संघ के अखिल भारतीय शारीरिक वर्ग में 10 विषयों के विषय विशेषज्ञ शामिल होंगे। इनमें दंड, दंड युद्ध, नि:युद्ध, आसन, यस्टी, योगासन, खेल, पद विन्यास, समता और सामूहिक समता में निपुण कार्यकर्ता शामिल होंगे।

संघ की लगने वाली नित्य की शाखा और संघ के प्रशिक्षण वर्गों में इन्हीं 10 विषयों की शिक्षा स्वयंसेवकों को दी जाती है। यस्टी को अभी हाल ही में शामिल किया गया है।

अखिल भारतीय शारीरिक वर्ग की दिनचर्या काफी कठोर होती है। वर्ग में 24 गण और आठ वाहिनी रहेंगी। प्रतिदिन सुबह और शाम को मिलाकर 09 घंटे का शारीरिक प्रशिक्षण होगा।

इसके अलावा दोपहर में एक चर्चा सत्र और रात्रि में भोजन के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम का सत्र रहेगा। इसके साथ ही इस वर्ग में यह तय किया गया है कि जो कार्यकर्ता इस वर्ग में आ रहे हैं उन्हें बंशी, मुरली या बिगुल में से कोई न कोई एक वाद्य यंत्र बजाने आता हो।

राष्ट्र सेविका समिति की बहनें संभालेंगी व्यवस्था

प्रशिक्षण वर्ग में शामिल होने के लिए देशभर से करीब 500 कार्यकर्ता 17 अक्टूबर की सायंकाल अयोध्या पहुंच जाएंगे। कुछ कार्यकर्ता अपने परिवार के साथ अयोध्या आएंगे। संगठन की ओर से उनके परिवार के ठहरने की व्यवस्था भी की गई है।

कार्यकर्ताओं के परिवारों को ठहरने की व्यवस्था कारसेवकपुरम् के बाहर की गई है। उनकी व्यवस्था में राष्ट्र सेविका समिति की बहनों को लगाया गया है।

Share This Article