झारखंड : ढाई साल के दुधमुंहे बच्चे की मां को बहला-फुसला कर मुंबई ले गया बिचैलिया, पति ने पुलिस से वापस लाने की लगाई गुहार

News Aroma
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

दुमका: काम दिलाने के बहाने बिचैलियों द्वारा बहला-फुसला कर झारखंड की बेटियों व महिलाओं को महानगरों में ले जाने के मामले तो अक्सर सामने आते रहते हैं।

इसी क्रम में ढाई साल के दूधमुंहे बेटे को छोड़ कर एक महिला को बिचैलिये द्वारा मुंबई ले जाने का मामला सामने आया है।

इस संबंध में रामगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत कांजवै पंचायत के मोहरिया गांव निवासी सहदेव राय ने लखनपुर पंचायत के बसडीहा गांव के मंगल मुर्मू पर अपनी पत्नी को मुंबई ले जाने का आरोप लगाते हुए रामगढ़ पुलिस से पत्नी को वापस लाने की गुहार लगाई है।

मोबाइल पर बात करने पर जवाब नहीं देता बिचैलिया

सहदेव राय के अनुसार, पिछले करीब तीन महीने पूर्व उसकी पत्नी रानी देवी अपने ढाई साल के दूध मुंहे बेटे को घर पर छोड़ कर बिना बताए कहीं चली गई।

काफी खोजबीन के बाद पता चला कि वह लखनपुर पंचायत के बसडीहा गांव स्थित अपनी बहन के घर गई है। वहीं से वह मंगल मुर्मू के साथ मुंबई चली गई।

मंगल मुर्मू से उसके मोबाइल पर संपर्क करने पर वह किसी भी तरह का जवाब नहीं देता है। पीड़ित ने बताया कि मंगल मुर्मू विचौलिया किस्म का आदमी है। पुलिस जांच कर रही है।

मंगल ने पहले भी कई महिलाओं को ले जाकर छोड़ा

बताया गया कि मंगल मुर्मू मजदूरी कराने के नाम पर पूर्व में भी कई महिलाओं को अन्य प्रदेशों में ले जाकर छोड़ दिया है। इधर, ढाई साल के दूधमुहे बच्चे को मां की कमी काफी खल रही है। वह मां को याद कर वह हमेशा रोता है।

सहदेव राय की मानें तो उसने करीब 15 दिन पूर्व रामगढ़ थाना पुलिस को आवेदन देकर पत्नी की बरामदगी के लिए गुहार लगाई थी, मगर पुलिस द्वारा अभी तक किसी भी तरह की कार्रवाई नहीं करने से वह काफी परेशान है।

Share This Article