रांची सांसद संजय सेठ ने CM हेमंत सोरेन को लिखा पत्र

News Aroma
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: रांची में एम्स के लिए जमीन चिन्हित करने को लेकर भारत सरकार की ओर से झारखंड सरकार को पत्र लिखा गया है।

इस पत्र के आलोक में रांची के सांसद संजय सेठ ने शनिवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखा है और उनसे अविलंब जमीन चिन्हित कर केंद्र सरकार को अवगत कराने का आग्रह किया है।

मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में सांसद ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रांची में एम्स की स्थापना को लेकर रुचि दिखाई है। यह रांची सहित पूरे झारखण्ड के लिए हर्ष की बात है।

रांची में एम्स की स्थापना को लेकर मैंने 28 जुलाई को प्रधानमंत्री से मुलाकात की थी। इस आलोक में प्रधानमंत्री कार्यालय ने संज्ञान लेते हुए राज्य सरकार को पत्र भी लिखा है।

रांची में एम्स की स्थापना हो, इसके लिए जमीन चिन्हित करने की महत्वपूर्ण जिम्मेवारी राज्य सरकार को दी गई है। साथ ही राज्य सरकार का मंतव्य भी मांगा गया है।

सेठ ने कहा है कि रांची में एम्स का खुलना, झारखण्ड सहित आसपास के कई राज्यों के लिए एक सपने के पूरा होने जैसा है। रांची में एम्स खुलने से हमारे क्षेत्र के लोगों को कम खर्च पर बेहतर से बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

इसका लाभ हमारे पड़ोसी राज्य के नागरिकों को भी मिलेगा। ऐसी परिस्थिति में जब स्वयं प्रधानमंत्री कार्यालय ने इस मामले में रुचि दिखाई है, तो राज्य सरकार का भी दायित्व बनता है कि पूरी तत्परता के साथ इस मामले में काम किया जाए।

सांसद ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि इस मामले में त्वरित संज्ञान लेते हुए रांची में एम्स की स्थापना के लिए जमीन चिन्हित करने से संबंधित निर्देश अधिकारियों को जारी करें ताकि जल्द से जल्द रांची में एम्स की स्थापना का मार्ग प्रशस्त हो सके। हम अपने नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करा सकें।

Share This Article