दिये प्रज्ज्वलित किये जाने पर जगमगा उठी पूरी राम नगरी

News Aroma
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

अयोध्या: राम नगरी अयोध्या ने बुधवार को एक बार फिर दीये जलाने का नया विश्व रिकॉर्ड बनाया है। दीपावली की पूर्व संध्या पर दीपोत्सव कार्यक्रम में राम की पैड़ी पर नौ लाख दीये जलाकर दुनिया को बता दिया है कि आज वहां भगवान राम का उसी तरह भव्य स्वागत किया गया है जिस प्रकार त्रेतायुग में भगवान राम का स्वागत अयोध्यावासियों ने किया था।

अयोध्या में उसी प्रकार आज भी उल्लास एवं उमंग का माहौल है। राम की पैड़ी पर नौ लाख दिये प्रज्ज्वलित किये जाने से पूरी राम नगरी जगमगा उठी।

इस अवसर पर अपने संबोधन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह क्षण त्रेतायुग को याद दिलाता है। योगी ने राम चरित मानस की चौपाई पढ़कर भगवान राम को याद किया। सभी को शुभकामनाएं दी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रदेश में 44 लाख परिवारों को आवास मिले हैं। उनमें से नौ लाख परिवारों का घर बन गया है। उन्होंने गृह प्रवेश भी कर लिया है। वह लोग भी आज उन घरों में दीपोत्सव मना रहे हैं।

कार्यक्रम में मौजूद वियतनाम के एंबेस्डर, केन्या के उच्चायुक्त, बैंकाक के उच्चायुक्त का जयश्रीराम घोष के साथ स्वागत किया। देश के कोने-कोने से भी इस अवसर पर अतिथि आए हैं।

प्रभुराम से प्रार्थना करता हूं कि दीपावली के अवसर पर आपके जीवन में खुशी बनी रहे। भगवान राम के जीवन से प्रेरणा लेनी है। उनके आदर्शों को अपने जीवन में उतारना होगा। इसी संकल्प के साथ हमे आगे बढ़ना है।

आज नौ लाख राम की पैड़ी में और अयोध्या के मठ मंदिरों में तीन लाख दीये जलाए गये हैं। इससे कहीं अधिक दीये लोगों ने अपने घरों में जलाए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले दीपोत्सव में जब हम लोग आये थे तब कहा था कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण होगा।

गिनीज बुक आफ वर्ल्ड रिकॉर्ड के सक्षम अधिकारी ने मंच से बताया कि पिछले साल छह लाख छह हजार दीये जलाने का रिकॉर्ड बना था। इस बार अदभुत दृश्य है।

अकेले राम की पैड़ी पर नौ लाख से अधिक दीये जले हैं। संस्था की तरफ से नौ लाख से अधिक दीये जलने के रिकॉर्ड का प्रमाण पत्र मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सौंपा गया।

Share This Article