बिजनेस

दुनिया के रईसों की लिस्ट में चौथे नंबर पर पहुंचे अडाणी, अंबानी मिला 11वां स्थान

नई दिल्ली: भारत समेत एशिया के सबसे रईस उद्योगपति गौतम अडाणी (Gautam Adani) ने दुनिया के सबसे रईस व्यक्तियों की सूची में एक और पायदान की छलांग लगा ली है।

कुल 113 अरब डॉलर की व्यक्तिगत संपत्ति के साथ गौतम अडाणी माइक्रोसॉफ्ट के सह संस्थापक बिल गेट्स को पीछे छोड़कर दुनिया के चौथे सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं।

ब्लूमबर्ग बिलेनियरीज इंडेक्स द्वारा आज जारी आंकड़ों के मुताबिक गौतम अडाणी की व्यक्तिगत संपत्ति 1.79 अरब डॉलर के उछाल के साथ 113 अरब डॉलर के स्तर पर पहुंच गई है, जबकि बिल गेट्स (Bill Gates) की व्यक्तिगत संपत्ति 4.03 अरब डॉलर के नुकसान के साथ 112 अरब डॉलर के स्तर पर पहुंच गई है।

गौतम अडाणी के आगे अब सिर्फ तीन व्यक्ति बचे

इस तरह दुनिया के सबसे रईस व्यक्तियों की सूची में अडाणी पांचवें स्थान से आगे बढ़कर चौथे स्थान पर और बिल गेट्स चौथे स्थान से गिरकर पांचवें स्थान पर पहुंच गए हैं।

ब्लूमबर्ग बिलेनियरीज इंडेक्स (Bloomberg Billionaires Index) के मुतबिक भारत समेत एशिया के दूसरे सबसे रईस व्यक्ति मुकेश अंबानी 88 अरब की संपत्ति के दुनिया के सबसे रईस व्यक्तियों की सूची में 11वें स्थान पर हैं।

ब्लूमबर्ग के आंकड़ों के मुताबिक दुनिया के सबसे रईस व्यक्तियों की सूची में गौतम अडाणी के आगे अब सिर्फ तीन व्यक्ति बचे हैं।

लक्ष्मी मित्तल दुनिया के टॉप 100 रईसों की सूची में 100वें स्थान पर

इनमें टेस्ला और स्पेस-एक्स के सीईओ एलन मस्क 242 अरब डॉलर की व्यक्तिगत संपत्ति के साथ पहले स्थान पर, जेफ बेजॉस 148 अरब डॉलर की व्यक्तिगत संपत्ति के साथ दूसरे स्थान पर और फ्रेंच कारोबारी बर्नार्ड अरनॉल्ट 137 अरब डॉलर की व्यक्तिगत संपत्ति के साथ तीसरे स्थान पर बने हुए हैं।

ब्लूमबर्ग द्वारा जारी दुनिया के टॉप रईसों की इस सूची में चौथे स्थान पर गौतम अडाणी (Gautam Adani) और 11वें स्थान पर मुकेश अंबानी का नाम होने के साथ ही टॉप 100 रईसों की सूची में चार और भारतीय अपनी जगह बना सके हैं।

इन भारतीय रईसों में 25.7 अरब डॉलर की व्यक्तिगत संपत्ति के साथ अजीम प्रेमजी 47वें स्थान पर, 22.8 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ शिव नाडार 57वें स्थान पर, 20.1 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ राधाकिशन दमानी 68वें स्थान पर और 16.1 अरब डॉलर की व्यक्तिगत संपत्ति वाले लक्ष्मी मित्तल (Lakshmi Mittal) दुनिया के टॉप 100 रईसों की सूची में 100वें स्थान पर हैं।

Back to top button
Close

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker