
रांची: रांची-रामगढ़ मुख्य मार्ग एनएच-33 पर ओरमांझी टोल प्लाजा के पास हजारीबाग से रांची जा रही एक कार में अचानक आग लग गई। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। गाड़ी में एक ही परिवार के पति-पत्नी और दो बच्चे सवार थे। गनीमत रही कि समय रहते सभी लोग गाड़ी के बाहर निकल गए थे जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभाला। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है।
धुआं दिखते ही परिवार ने दिखाई समझदारी
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार से अचानक धुआं निकलता देख चालक को खतरे का अंदाजा हो गया। उसने तुरंत गाड़ी को सड़क किनारे रोका और बिना देर किए पूरे परिवार को बाहर निकाल लिया। कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी कार जल उठी। स्थानीय लोगों ने भी आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ नहीं हो सका।
पुलिस और फायर ब्रिगेड ने संभाला मोर्चा
सूचना मिलते ही ओरमांझी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। फायर ब्रिगेड को भी बुलाया गया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। आग की वजह से एनएच-33 पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया। वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद ट्रैफिक को सामान्य कराया। पुलिस के अनुसार, सभी यात्री सुरक्षित हैं और किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है। शुरुआती जांच में आग का कारण शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी माना जा रहा है।

