
रांची : पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने गुरुवार को निवारणपुर स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यालय जाकर पदाधिकारियों से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उपद्रवियों की ओर से संघ कार्यालय पर किए गए हमले की विस्तृत जानकारी ली। श्री मुंडा ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में वैचारिक मतभेद स्वाभाविक हैं, लेकिन हिंसा, अराजकता और संगठनों पर हमले किसी भी सभ्य समाज में स्वीकार्य नहीं हो सकते। संघ कार्यालय पर किया गया हमला न केवल एक संगठन पर आक्रमण है, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और सामाजिक सौहार्द पर भी सीधा प्रहार है।

