
रांची: राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन झारखंड द्वारा संचालित मिशन परिवार विकास अभियान के पहले चरण के तहत 18 जून को राज्य के सभी जिलों में उप स्वास्थ्य केंद्र स्तर पर एक साथ विशेष गतिविधियों का आयोजन किया गया। अभियान का उद्देश्य योग्य दम्पतियों और समुदाय के बीच परिवार नियोजन सेवाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना और स्वस्थ व खुशहाल परिवार की अवधारणा को सुदृढ़ करना है।
अभियान के अंतर्गत उप स्वास्थ्य केंद्रों पर एएनएम, सहिया, सहिया साथी के अलावा अन्य स्वास्थ्यकर्मियों के सहयोग से परिवार नियोजन से संबंधित परामर्श, जन-जागरूकता गतिविधियां, अस्थायी और स्थायी गर्भनिरोधक साधनों के संबंध में जानकारी प्रदान की जा रही है। साथ ही लाभार्थियों को उनकी जरूरत के अनुरूप परिवार नियोजन सेवाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाना, जन्म के बीच उचित अंतराल को बढ़ावा देना तथा परिवारों को स्वस्थ जीवन के लिए योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ने हेतु प्रेरित करना है। अभियान के माध्यम से नवविवाहित दम्पतियों, किशोर-किशोरियों और प्रजनन आयु वर्ग के दम्पतियों को सही समय पर विवाह, पहले बच्चे में उचित अंतराल तथा दो बच्चों के बीच कम से कम तीन वर्ष का अंतर रखने के महत्व के बारे में भी जागरूक किया गया।


