राज्यसभा की दो सीटों के लिए मतदान संपन्न, अब परिणाम तय करेगा कि वैद्यनाथ राम के साथ परिमल या फिर प्रणव जायेंगे राज्यसभा

Archana Ekka
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : राज्यसभा की दो सीटों के लिए झारखंड विधानसभा परिसर में मतदान गुरुवार को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया। मतदान में राज्य के सभी 81 विधायकों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान समाप्त होने के बाद अब सबकी निगाहें मतगणना और परिणाम पर टिकी हैं। चुनाव परिणाम अगले एक-दो घंटे में आने की संभावना है, जिससे प्रत्याशियों और राजनीतिक दलों की बेचैनी बढ़ गई है।

राज्यसभा की दो सीटों में से एक सीट पर महागठबंधन उम्मीदवार की जीत लगभग तय मानी जा रही है, जबकि दूसरी सीट को लेकर जबरदस्त मुकाबला देखने को मिला। मतदान के दौरान इंडिया गठबंधन के घटक दल झामुमो, कांग्रेस और राजद पूरी तरह एकजुट नजर आए। दूसरी ओर एनडीए के विधायक भी एकजुटता के साथ मतदान प्रक्रिया में शामिल हुए।

चुनाव की सबसे अधिक चर्चा दूसरी सीट को लेकर है, जहां कांग्रेस के उम्मीदवार प्रणव झा और एनडीए समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी के बीच सीधा मुकाबला माना जा रहा है। राजनीतिक गलियारों में मतदान के बाद लगातार आंकड़ों और संभावित क्रॉस वोटिंग को लेकर चर्चाएं चल रही हैं।

प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष आदित्य साहू ने बताया कि एनडीए समर्थित प्रत्याशी परिमल नाथवानी की जीत तय है। वहीं झामुमो सांसद महुआ माजी ने कहा कि बीजेपी को दिन में सपने देखने की आदत है। राजद कोटे से मंत्री संजय प्रसाद यादव,विधायक सुरेश पासवान ने कहा कि राजद पूरी तरह से इंडिया गठबंधन प्रत्याशी के साथ है और प्रणव झा की जीत तय है।

सूत्रों के अनुसार दूसरी सीट पर मुकाबला बेहद कांटे का रहा है। राजनीति के गलियारे में चल रही चर्चाओं के मुताबिक कांग्रेस उम्मीदवार प्रणव झा को करीब 27 वोट मिलने का अनुमान लगाया जा रहा है, जबकि एनडीए समर्थित परिमल नाथवानी को 28 या उससे अधिक वोट मिलने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि यह केवल राजनीतिक आकलन और चुनावी चर्चाओं पर आधारित अनुमान हैं।

विधानसभा परिसर में राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं और समर्थकों की नजरें परिणाम पर टिकी हुई हैं। अब कुछ ही घंटों में यह स्पष्ट हो जाएगा कि दूसरी सीट पर किस उम्मीदवार की किस्मत चमकती है और किसे हार का सामना करना पड़ता है।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सनमार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।