ईटानगर: अरुणाचल प्रदेश के चांगलांग जिले में सुरक्षा बलों ने मादक पदार्थ-रोधी संयुक्त अभियान के दौरान करीब 46.60 लाख रुपये मूल्य की 233 ग्राम संदिग्ध ब्राउन शुगर जब्त की और दो लोगों को गिरफ्तार किया। एक आधिकारिक बयान में शुक्रवार को यह जानकारी दी गई। बयान के अनुसार, यह अभियान 16 सितंबर को नामगोई के एक इलाके में असम राइफल्स ने अरुणाचल प्रदेश पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के साथ मिलकर शुरू किया था। अधिकारियों ने बताया कि जब्त किए गए मादक पदार्थ को साबुन की 21 डिब्बियों में छिपाकर रखा गया था। बयान में कहा गया, “संयुक्त अभियान में अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 46.60 लाख रुपये मूल्य की 233 ग्राम संदिग्ध ब्राउन शुगर बरामद की गई और दो मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया गया।”


