
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड की बहुलिया पंचायत के रंगुनिया गांव के पास पश्चिम बंगाल क्षेत्र में स्वर्णरेखा नदी पर बना अस्थायी लकड़ी का पुल अचानक जलस्तर बढ़ने से बह गया। इसके कारण झारखंड और पश्चिम बंगाल के बीच इस मार्ग से होने वाला आवागमन पूरी तरह बंद हो गया है। पुल टूटने से रंगुनिया, भागाबुड़ी, पंचपांडो और चित्रेश्वर सहित कई गांवों के लोगों को अब गोपीबल्लवपुर जाने के लिए 13 किलोमीटर की जगह बहरागोड़ा और फेंकोघाट होकर लगभग 40 किलोमीटर का लंबा रास्ता तय करना पड़ रहा है।
इससे रोज़मर्रा का सामान बेचने वाले छोटे कारोबारियों का परिवहन खर्च बढ़ गया है और उन्हें आर्थिक नुकसान हो रहा है। वहीं, मरीजों को तोपसिया अस्पताल पहुंचाने में भी दिक्कतें आ रही हैं। पुल निर्माण समिति ने दीपावली के बाद जलस्तर सामान्य होने पर दोबारा अस्थायी पुल बनाने की बात कही है, लेकिन ग्रामीण स्थायी और पक्का पुल बनाने की मांग कर रहे हैं।

