

रांची : नई दिल्ली के भारत मंडपम में 14 से 17 जुलाई तक आयोजित भारत टेक्स 2026 में झारखंड पवेलियन में आगंतुकों की भारी भीड़ उमड़ी। पवेलियन में प्रदर्शित बांस से निर्मित स्टील बोतल और मग देश-विदेश से आए खरीदारों, उद्योग प्रतिनिधियों और आगंतुकों के बीच खास आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। इन उत्पादों को पर्यावरण अनुकूल, टिकाऊ और आधुनिक उपयोगितावाला माना जा रहा है।





पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा स्थित अनजनेया बांस क्लस्टर द्वारा तैयार किए गए इन उत्पादों ने अपनी गुणवत्ता, आकर्षक डिजाइन और उपयोगिता से लोगों का ध्यान खींचा है। बांस और स्टेनलेस स्टील से बनी बोतल गर्म और ठंडे पेय का तापमान 12 से 14 घंटे तक बनाए रखने में सक्षम है, जबकि बांस, स्टेनलेस स्टील और फूड-ग्रेड प्लास्टिक से निर्मित मग 3 से 4 घंटे तक पेय का तापमान सुरक्षित रखता है।
भारत टेक्स 2026 जैसे वैश्विक मंच पर झारखंड अपने लोकल टू ग्लोबल विजन को साकार करता नजर आ रहा है। तसर सिल्क, जीआई टैग उत्पाद, हस्तकरघा, हस्तशिल्प और बांस आधारित नवाचारों के जरिए राज्य अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है। अनजनेया बांस क्लस्टर आधुनिक तकनीक और पारंपरिक शिल्प के समन्वय से स्थानीय कारीगरों को रोजगार और नए अवसर उपलब्ध करा रहा है।
क्लस्टर बांस से सजावटी वस्तुएं, फर्नीचर और लाइफस्टाइल उत्पाद तैयार करने के साथ-साथ लेजर कटिंग, लेजर एनग्रेविंग, सीएनसी राउटिंग और कस्टमाइज्ड डिजाइन जैसी अत्याधुनिक तकनीकों का उपयोग कर अंतरराष्ट्रीय स्तर के उत्पाद विकसित कर रहा है।
भारत टेक्स 2026 में 130 से अधिक देशों के 6,000 से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय खरीदारों और 1.3 लाख से अधिक व्यापारिक आगंतुकों की मौजूदगी झारखंड के एमएसएमई, कारीगरों और उद्यमियों के लिए वैश्विक बाजार तक पहुंच बनाने का बड़ा अवसर साबित हो रही है। इससे राज्य के हस्तशिल्प और बांस आधारित उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिलने के साथ निर्यात और निवेश की नई संभावनाएं भी मजबूत होने की उम्मीद है।
