बेड़ो हत्याकांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, हवाई फायरिंग का विरोध करने पर रविन्द्र मुंडा को मारी थी गोली

बेड़ो में रविन्द्र मुंडा हत्याकांड का मुख्य आरोपी विकास मुंडा गिरफ्तार, हवाई फायरिंग के विरोध पर हुई थी हत्या, पुलिस ने देशी पिस्टल, कारतूस बरामद कर जांच तेज की।

News Aroma
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: रांची पुलिस ने बेड़ो थाना क्षेत्र में हुए चर्चित रविन्द्र मुंडा हत्याकांड का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी विकास मुंडा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल की गई एक देशी पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस भी बरामद कर लिए हैं। बता दें कि बीती 9 जुलाई को बेड़ो थाना अंतर्गत मधुपुर अखाड़ा के पास घाघरा बरटोली निवासी 26 वर्षीय रविन्द्र मुंडा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जिसके बाद बेड़ो थाने में हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) रांची के निर्देश और ग्रामीण एसपी के मार्गदर्शन में बेड़ो डीएसपी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था, जिसने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को दबोच लिया।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी विकास मुंडा ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि वह क्षेत्र में अपना वर्चस्व और दहशत फैलाना चाहता था। इसके लिए वह इलाके में हवाई फायरिंग करने की कोशिश कर रहा था, जिसका मृतक रविन्द्र मुंडा ने कड़ा विरोध किया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस हुई, जिसके बाद आरोपी ने रविन्द्र को गोली मार दी। पुलिस ने बताया कि इस हत्याकांड में शामिल दो अन्य सह-आरोपियों विकास महतो और विजय मुंडा को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त की गई पल्सर 220 और होंडा शाइन मोटरसाइकिल को भी पुलिस पूर्व में ही जब्त कर चुकी है।
पकड़े गए मुख्य आरोपी विकास मुंडा का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। वह पहले भी संगीन मामलों में जेल जा चुका है, जिसमें साल 2017 में बेड़ो थाने में दर्ज अपहरण, दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट का मामला तथा साल 2023 में दर्ज हत्या का एक अन्य मामला शामिल है। इस सफल उद्भेदन टीम में बेड़ो डीएसपी दीपक कुमार, पुलिस निरीक्षक उत्तम कुमार उपाध्याय, बेड़ो थाना प्रभारी कफील अहमद, सब-इंस्पेक्टर उत्तम कुमार पासवान, अनिल तोप्पो, शौकत अली और बेड़ो थाने के रिजर्व गार्ड के सशस्त्र बल शामिल थे। फिलहाल पुलिस आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई करते हुए मामले के अन्य बिंदुओं पर भी गहन अनुसंधान कर रही है।

Share This Article