बिहार में कोरोना से अनाथ हुए बच्चों को 18 वर्ष की आयु तक 1500 रुपये प्रति माह देगी राज्य सरकार

Digital News
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

पटना: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नक्शे कदम पर चल रहे हैं।

केन्द्र सरकार ने कोविड के चलते कमाने वाले सदस्य को खोने वाले परिवारों की सहायता की घोषणा की है।

इसके तहत इन परिवारों को पेंशन दी जाएगी और साथ ही बीमा भरपाई का दायरा बढ़ा कर इसे आसान बनाया जाएगा।

प्रधानमंत्री की इस घोषणा के तुरंत बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी बिहार में बड़ी पहल की है।

सीएम ने आज ऐलान किया कि कोरोना में अनाथ हुए बच्चों को 18 वर्ष की आयु तक 1500 रुपये प्रतिमाह दिये जायेंगे। खुद मुख्यमंत्री ने इसकी जानकारी ट्वीट कर रविवार को दी।

सीएम नीतीश ने ट्वीट कर कहा कि वैसे बच्चे-बच्चियों जिनके माता पिता दोनो की मृत्यु हो गई, जिनमें कम से कम एक की मृत्यु कोरोना से हुई हो, उनको ‘बाल सहायता योजना’ अंतर्गत राज्य सरकार द्वारा 18 वर्ष होने तक 1500 रुपये प्रतिमाह दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि जिन अनाथ बच्चे-बच्चियों के अभिभावक नहीं हैं, उनकी देखरेख बालगृह में की जाएगी।

ऐसे अनाथ बच्चियों का कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में प्राथमिकता पर नामांकन कराया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि कोरोना के इस संकट में कई ऐसे परिवार हैं जो पूरी तरह से उजड़ गए हैं। अब उस परिवार में छोटे बच्चे हैं।

ऐसे में सरकार ने बड़ी पहल की है और अनाथ बच्चों की मदद को आगे आई है।

सीएम नीतीश की इस घोषणा के बाद विभागीय स्तर पर ऐसे परिवार को चिन्हित कर उन्हें मदद दी जायेगी।

Share This Article