भाजपा ने वैज्ञानिक तरीके से किया चुनाव प्रचार, चार राज्यों में बनने जा रही है भाजपा सरकार : अमित शाह

News Aroma Media
4 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नई दिल्ली: गृह मंत्री अमित शाह ने पांचों राज्यों के विधानसभा चुनाव प्रचार अभियान को लेकर दावा किया है कि भाजपा ने वैज्ञानिक तरीके से चुनाव प्रचार किया है और इन पांचों में से चार राज्यों – उत्तर प्रदेश , उत्तराखंड , मणिपुर और गोवा में अच्छे बहुमत के साथ भाजपा की सरकार बनने जा रही है और पांचवे राज्य पंजाब में भी पार्टी का प्रदर्शन उम्मीद से कहीं अच्छा होने जा रहा है।

शाह ने कहा कि रूस-यूक्रेन की लड़ाई के बीच भारतीयों को सकुशल वापस लाने के लिए मोदी सरकार ने जितनी तेजी से काम किया उसका सकारात्मक असर भी चुनावों पर पड़ा है।

उत्तर प्रदेश में 7 वें और अंतिम चरण के अंतर्गत 7 मार्च को मतदान वाले क्षेत्रों में चुनाव प्रचार समाप्त होने के बाद दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ मीडिया से बात करते हुए शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता अपने चरम पर है, वो आजाद भारत के अब तक के सबसे ज्यादा लोकप्रिय प्रधानमंत्री हैं और उनकी लोकप्रियता का लाभ पार्टी को विधानसभा चुनाव में मिला है।

शाह ने कहा कि मोदी सरकार और भाजपा की राज्य सरकारों द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास के कार्यों को लेकर जनता ने भाजपा के पक्ष में वोट किया है।

उन्होंने कहा कि पार्टी के बूथ अध्यक्ष से लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष, चारों राज्यों के मुख्यमंत्रियों से लेकर अन्य राज्यों के मुख्यमंत्रियों और पार्टी के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने वैज्ञानिक तरीके से चुनाव प्रचार किया, सरकार की उपलब्धियों को आम जनता तक पहुंचाया। शाह ने माना कि कोरोना का असर थोड़ा-बहुत मतदान पर पड़ा है।

पंजाब को लेकर पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि पार्टी ने अब तक राज्य में गठबंधन धर्म का पालन किया था।

उन्होंने कहा कि इस बार पहली बार भाजपा ने राज्य में 65 प्लस सीटों पर चुनाव लड़ा और नतीजे उम्मीद से कहीं ज्यादा अच्छे आने वाले हैं।

पंजाब को लेकर ही अमित शाह ने कहा कि राज्य में पंचकोणीय चुनाव हुआ है, ऐसे में नतीजे को लेकर कोई भविष्यवाणी नहीं की जा सकती लेकिन भाजपा राज्य में मजबूत हो रही है और हम सरकार बनाने की संभावना से इंकार नहीं कर रहे हैं।

अमित शाह और जेपी नड्डा , दोनों ही नेताओं ने चुनावी मुद्दों और भाजपा सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए भाजपा के पक्ष में मतदान करने के लिए लोगों का धन्यवाद भी किया।

जेपी नड्डा ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में कांटे की टक्कर का कोई सवाल ही नहीं उठता है, नतीजे एकतरफा भाजपा के पक्ष में आएंगे और राज्य में भाजपा की ही सरकार बनने जा रही है।

शाह ने भी उत्तर प्रदेश में प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाने का दावा किया ।

Share This Article