

Illegal Liquor Trade: बालीडीह थाना क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक लाइन होटल और जनरल स्टोर पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब और बियर बरामद की गई। पुलिस ने मामले में दो लोगों को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी है।





पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि रेलवे फाटक के समीप स्थित एक लाइन होटल में अवैध रूप से शराब की बिक्री की जा रही है। सूचना की पुष्टि होने के बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
होटल और दुकान पर एक साथ छापेमारी
छापेमारी दल ने रेलवे फाटक के पास स्थित अमर लाइन होटल और उससे सटे सुमित्रा जनरल स्टोर में एक साथ दबिश दी। तलाशी के दौरान दोनों प्रतिष्ठानों से विभिन्न ब्रांडों की 264 बोतल अंग्रेजी शराब तथा 101 बोतल और केन बियर बरामद की गई।
पुलिस ने जब बरामद शराब से संबंधित वैध दस्तावेजों की मांग की, तो संचालक कोई भी आवश्यक कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने बरामद शराब को जब्त कर लिया।
दो आरोपी गिरफ्तार
कार्रवाई के दौरान अमर लाइन होटल के मैनेजर अविनाश सिंह और सुमित्रा जनरल स्टोर के संचालक सूरज कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि अवैध शराब का यह कारोबार कब से संचालित हो रहा था और इसके नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
सड़क दुर्घटनाओं पर जताई चिंता
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अवैध रूप से शराब बेचने वाले ऐसे प्रतिष्ठान सड़क दुर्घटनाओं की बढ़ती घटनाओं के लिए भी जिम्मेदार हैं। कई मामलों में शराब के नशे में वाहन चलाने के कारण गंभीर हादसे सामने आए हैं। इसी को देखते हुए अवैध शराब कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
फिलहाल पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। यह कार्रवाई बालीडीह क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता मानी जा रही है।
