
चतरा : भगवान बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि के अवसर पर मंगलवार को सदर थाना के समीप स्थित झामुमो कार्यालय में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष राहुल यादव और छात्र मोर्चा जिला अध्यक्ष रूपेश यादव ने भगवान बिरसा मुंडा की तस्वीर पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम में उपस्थित पार्टी कार्यकर्ताओं एवं नेताओं ने भी पुष्प अर्पित कर भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, त्याग और बलिदान को याद किया। इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने जल, जंगल और जमीन की रक्षा तथा आदिवासी समाज के अधिकारों के लिए जीवनभर संघर्ष किया। उनके विचार और आदर्श आज भी समाज को प्रेरणा देते हैं।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने भगवान बिरसा मुंडा के बताए मार्ग पर चलने तथा समाज और राष्ट्र के विकास में योगदान देने का संकल्प लिया। इस अवसर पर प्रखंड अध्यक्ष सदर उपेंद्र राम, सचिव बबलू पासवान, युवा प्रखंड अध्यक्ष लावालौंग राजन पासवान, युवा नेता अल्तमस परवेज, संतराज यादव, रामा पाण्डेय, राहुल केशरी, सिंटू यादव, चंदन यादव, प्रदीप यादव, राकेश भोक्ता एवं धीरेन्द्र भारती सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

