चतरा: चतरा जिला पुलिस ने वशिष्ठ नगर थाना क्षेत्र के पैनीकला गांव के आगे हरदाही-कौलेश्वरी जाने वाले रास्ते के पास से 60 लाख के ब्राउन शुगर के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार तस्कर कमलेश कुमार (पिता स्व. बोधी गंझु) वशिष्ठ नगर जोरी थाना क्षेत्र के राजगुरूआ गांव का रहने वाला है। उसके पास से 277 ग्राम ब्राउन शुगर के अलावा एक वाहन (जेएच 05 सीसी 9996) व एक मोबाइल जब्त किया गया।
यह जानकारी एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने शनिवार को अनुमंडल कार्यालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में प्रेस कांफ्रेंस कर दी। उन्होंने बताया कि चतरा एसपी अनिमेष नैथानी को सूचना मिली थी कि वशिष्ठ नगर थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति एक सफेद रंग के स्कॉर्पियो में पैनीकला के आगे ब्राउन शुगर खरीद-बिक्री करने जा रहा है।
इसी सूचना के आधार पर विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हरदाही-कौलेश्वरी जाने वाले सड़क पर पहुंचे कि इसी क्रम में दंतार के तरफ से स्कॉपिैयो आ रहा था। जिसे छापामारी दल द्वारा घेराबंदी कर वाहन को रोक दिया गया, तलाशी के दौरान तस्कर के पास से ब्राउन शुगर मिला।


