हाजी हुसैन अंसारी की पुण्यतिथि पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दी श्रद्धांजलि

News Aroma Media
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रविवार को कांके रोड रांची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय परिसर में राज्य के पूर्व मंत्री हाजी हुसैन अंसारी की पहली पुण्यतिथि के मौके पर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के वरिष्ठ नेता व पूर्व मंत्री हाजी हुसैन अंसारी आज हम सभी के बीच नहीं हैं लेकिन उनके आदर्श और विचार सदैव हमारे दिलों में रहेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि संगठन, राज्य और देश स्व. हाजी हुसैन अंसारी द्वारा समाज और राज्य के विकास में मिले योगदान एवं कार्यों को हमेशा याद रखेगा।

वे सरल, सर्वसुलभ और दृढ़ विश्वास वाले जन नेता थे। उनकी सोच राज्य के गरीब, आदिवासी, दलित एवं पिछड़े सहित सभी वर्गों के कल्याणार्थ अभूतपूर्व रहा। सादा जीवन-उच्च विचार के सिद्धांत पर चलने वाले स्व. हाजी हुसैन अंसारी का संपूर्ण जीवन आमजनों के लिए ही समर्पित था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हाजी हुसैन अंसारी की कमी तो पूरी नही की जा सकती, परंतु उनके आदर्शों और विचारों को अपनाकर मजबूत, खुशहाल एवं विकसित झारखंड की परिकल्पना को पूरा किया जा सकेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज हाजी हुसैन अंसारी के पहली पुण्यतिथि के मौके पर हम सभी लोग उनके व्यक्तित्व को स्मरण कर रहे हैं। हाजी हुसैन अंसारी के पुण्यतिथि पर उन्हें मेरा शत-शत नमन।

इस मौके पर मुख्यमंत्री के प्रेस सलाहकार अभिषेक प्रसाद एवं समाजसेवी विनोद पांडेय ने भी हाजी हुसैन अंसारी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

Share This Article